यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 85 लाख रुपये के गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक अहम कार्रवाई की है। टीम ने झांसी के मोठ बाईपास पर एक डीसीएम को रोककर तलाशी ली, जिसमें मछली दाने की बोरियों के बीच 2.31 क्विंटल अवैध गांजा बरामद हुआ। इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 85 लाख रुपये आंकी गई है। मौके से दो सक्रिय तस्कर जय प्रकाश पासवान (बिहार) और राहुल कुमार (बिजनौर) को गिरफ्तार किया गया है।

एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक तस्कर गिरोह रायपुर (छत्तीसगढ़) से भारी मात्रा में गांजा लाकर झांसी के रास्ते बिजनौर भेजने की फिराक में है। एसटीएफ ने मुखबिर की सूचना पर गाड़ी को रोककर जांच की तो मछली दाने की बोरियों में छिपाए गए गांजे का पता चला। आरोपियों के कब्जे से 330 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और आयसर डीसीएम गाड़ी भी बरामद हुई है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे पवन पाण्डेय (प्रतापगढ़) के नेतृत्व वाले एक संगठित तस्कर गिरोह के सदस्य हैं। इस गिरोह में युसुफ अंसारी नामक एक अन्य सक्रिय सदस्य भी शामिल है, जो बरेली का रहने वाला है। गिरोह रायपुर से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचता है। गांजा छुपाने के लिए मछली दाने की बोरियों का सहारा लिया जाता है, ताकि पकड़ से बचा जा सके। हर ट्रिप के लिए तस्करों को 15,000 रुपये भुगतान किया जाता है।

एसटीएफ की यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ झांसी के मोठ थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8, 20, 29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है ताकि पूरी गिरोह को ध्वस्त किया जा सके।

यह कार्रवाई यूपी में बढ़ती हुई नशा तस्करी के खिलाफ कड़ी सुरक्षा के संकेत देती है और पुलिस की सतर्कता को दर्शाती है।

Share this content:

About The Author

You may have missed