इजरायली हमलों के बाद भड़का ईरान, अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता को बताया ‘निरर्थक’
इजरायल और ईरान के बीच शुरू हुई जंग के बाद अब राजनयिक संबंधों में भी बड़ी दरार देखने को मिल रही है। इजरायल द्वारा किए गए हमलों के जवाब में ईरान ने अमेरिका के साथ चल रही परमाणु वार्ता को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने कहा कि अमेरिका ने ऐसे कदम उठाए हैं जिनके बाद अब वार्ता का कोई अर्थ नहीं रह गया है।
उन्होंने यह स्पष्ट किया कि इजरायल ने अपने हमलों में हर लक्ष्मण रेखा पार कर दी है। हालांकि बाघेई ने यह साफ नहीं किया कि वार्ता को आधिकारिक रूप से रद्द किया गया है या नहीं, लेकिन उनके बयान के बाद रविवार को ओमान में प्रस्तावित बातचीत पर गहरा संदेह जताया जा रहा है।
इससे पहले इजरायल ने ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ के तहत ईरान के कई परमाणु और सैन्य ठिकानों पर भीषण बमबारी की थी, जिसमें 78 लोगों की मौत और 350 से ज्यादा के घायल होने की खबर है। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई में बैलिस्टिक मिसाइलें दागते हुए इजरायली शहरों को निशाना बनाया।
वहीं, अमेरिका की तरफ से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो टूक कह दिया कि वह किसी भी हाल में ईरान को परमाणु बम नहीं बनाने देगा। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पहले ही आशंका जताई थी कि इजरायल ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला कर सकता है। अब जब यह हमला हो चुका है, तो ईरान-अमेरिका के बीच परमाणु डिप्लोमेसी लगभग ठहराव पर पहुंचती दिख रही है।
Share this content:
