लखनऊ में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, हरदोई का हिस्ट्रीशीटर फिरोज गिरफ्तार

लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के आउटर इलाके में पुलिस और एक बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस जब चेकिंग कर रही थी, तभी प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7 के पास एक युवक को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन युवक ने पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जीआरपी और सर्विलांस टीम की संयुक्त फायरिंग में वह घायल हो गया। बाद में उसे पकड़कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरदोई निवासी फिरोज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, फिरोज का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है और वह ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल और कीमती सामान चुराने वाले गिरोह से जुड़ा रहा है। रेलवे पुलिस के डीएसपी अमित कुमार सिंह के मुताबिक, फिरोज पर पहले से ही कुल 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और इलाज के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

इस घटना के बाद लखनऊ के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा सख्त कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए स्पेशल चेकिंग अभियान तेज़ किया गया है।

Share this content:

About The Author

You may have missed