April 20, 2026

एयर इंडिया का सबसे दर्दनाक हादसा: न बचा कोई, 297 मौतें और देश ने खो दिया एक और वैज्ञानिक

एयर इंडिया के इतिहास में कई बड़े विमान हादसे दर्ज हैं, लेकिन 13 जून 2025 को अहमदाबाद में हुआ फ्लाइट AI-171 का क्रैश अब तक का सबसे दर्दनाक और भयावह हादसा बन चुका है। लंदन जा रही इस फ्लाइट में 242 लोग सवार थे, जिनमें से सिर्फ एक व्यक्ति बच पाया, जबकि बाकी 241 की मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा जिस रिहायशी इमारत से प्लेन टकराया, वहां मौजूद 56 लोग भी हादसे का शिकार बन गए। इस तरह कुल 297 लोगों की मौत ने देश को हिला कर रख दिया।

अहमदाबाद हादसा: कुछ सेकंडों में तबाह हो गईं सैकड़ों जिंदगियां

12 जून 2025 को दोपहर 1:30 बजे एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 (बोइंग 787 ड्रीमलाइनर) अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी। टेक ऑफ करते ही इंजन में तकनीकी खराबी आई और महज 3 मिनट में विमान, अहमदाबाद के मेघणी नगर इलाके में एक रिहायशी इमारत से जा टकराया। इस हादसे में न केवल फ्लाइट में सवार लोग मारे गए, बल्कि ज़मीन पर मौजूद मासूम लोग भी इसकी चपेट में आ गए। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और बॉलीवुड अभिनेता संजय कपूर के नाम भी सामने आए हैं।

एयर इंडिया और हादसों का लंबा इतिहास

यह पहला मौका नहीं है जब एयर इंडिया का विमान हादसे का शिकार हुआ हो। इससे पहले भी कई बड़े हादसों ने एयर इंडिया को कटघरे में खड़ा किया है। इन हादसों में देश ने न केवल अपने नागरिकों को खोया, बल्कि एक बार तो भारत का एक महान वैज्ञानिक भी इसकी चपेट में आ गया।

1. 24 जनवरी 1966 – मोंट ब्लांक क्रैश, 117 मौतें (होमी भाभा का निधन)

एयर इंडिया की फ्लाइट AI-101, जो मुंबई से लंदन जा रही थी, फ्रांस की मोंट ब्लांक पर्वत श्रृंखला में क्रैश हो गई थी। इस हादसे में 117 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें भारत के प्रमुख परमाणु वैज्ञानिक डॉ. होमी जहांगीर भाभा भी शामिल थे। यह हादसा भारत के विज्ञान क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बन गया।

 

2. 1 जनवरी 1978 – अरब सागर में विमान दुर्घटना, 213 मौतें

मुंबई से दुबई जा रही एयर इंडिया फ्लाइट AI-855 उड़ान भरते ही अरब सागर में जा गिरी। 213 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की मौत ने देश को एक और गहरा सदमा दिया। जांच में पता चला कि पायलट ने दिशा नियंत्रण में गलती की थी।

 

3. 21 जून 1982 – लैंडिंग के दौरान क्रैश, 17 मौतें

क्वालालंपुर से मद्रास होते हुए मुंबई पहुंच रही फ्लाइट AI-403 सांता क्रूज एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त क्रैश हो गई। विमान में सवार 111 यात्रियों में से 17 लोगों की मौत हो गई। हादसे की वजह खराब मौसम और तकनीकी खामी बताई गई।

 

4. 23 जून 1985 – आतंकी हमला, 329 मौतें (कनाडा)

एयर इंडिया की फ्लाइट AI-182 को खालिस्तानी आतंकियों ने बम ब्लास्ट कर उड़ाया। यह फ्लाइट कनाडा से भारत लौट रही थी और अटलांटिक महासागर के ऊपर विस्फोट के कारण टूटकर गिर गई। इस भयावह हादसे में 329 लोगों की मौत हुई। यह अब तक का सबसे घातक विमान आतंक हमला माना जाता है।

 

5. 7 अगस्त 2020 – कोझिकोड रनवे हादसा, 21 मौतें

कोरोना काल के दौरान दुबई से लौट रही वंदे भारत मिशन की फ्लाइट AI Express-1344 कोझिकोड एयरपोर्ट पर फिसलकर घाटी में गिर गई। इसमें 21 लोगों की मौत हो गई। विमान में 190 लोग सवार थे।

 

एयर इंडिया की छवि पर गंभीर सवाल

AI-171 हादसे ने एक बार फिर एयर इंडिया की सुरक्षा और तकनीकी प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते पांच दशकों में एयर इंडिया कम से कम 7 बड़े हादसों का शिकार हो चुकी है। हर बार जांच के वादे हुए, लेकिन सुरक्षा में कोई बड़ा सुधार दिखाई नहीं देता।

अब सवाल यह है: क्या इस बार कोई ठोस कदम उठाया जाएगा या एक और हादसा केवल आँकड़ों में दर्ज होकर रह जाएगा?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!