थाईलैंड में एयर इंडिया की फ्लाइट में बम की धमकी, फुकेट एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
थाईलैंड के फुकेट एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI-379 को बम की धमकी के चलते आपात स्थिति में लैंड कराना पड़ा। यह विमान फुकेट (HKT) से दिल्ली (DEL) के लिए रवाना हुआ था और उसमें कुल 156 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही बम की मौजूदगी की सूचना मिली। अलर्ट मिलते ही पायलट ने तत्परता दिखाते हुए फुकेट एयर ट्रैफिक कंट्रोल से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही विमान को सुरक्षित उतारा गया और सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के साथ ही इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम एक्टिव किया गया। यात्रियों को तुरंत विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और पूरे विमान की गहन तलाशी ली जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बम की धमकी वास्तविक थी या महज अफवाह। स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां और एयरपोर्ट अथॉरिटीज मिलकर पूरे मामले की जांच कर रही हैं। यात्रियों को अस्थायी रूप से एयरपोर्ट पर ही रोका गया है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर विमानन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, खासकर ऐसे समय में जब एशिया में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
Share this content:
