May 3, 2026

बदल गई ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज डेट, सनी देओल ने दिए तीन बड़े अपडेट

सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर देशभक्ति और एक्शन की दहाड़ के साथ लौटने को तैयार हैं। ‘गदर 2’ और हालिया फिल्म ‘जाट’ के बाद अब उनकी सबसे चर्चित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को लेकर तीन अहम अपडेट सामने आए हैं, जिससे फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।

पहला अपडेट यह है कि फिल्म की रिलीज डेट में बदलाव किया गया है। पहले इसे 23 जनवरी 2026 को रिलीज करने का ऐलान हुआ था, लेकिन अब सनी देओल ने खुलासा किया है कि मेकर्स इसे 26 जनवरी – गणतंत्र दिवस के दिन – सिनेमाघरों में लाने की तैयारी कर रहे हैं। ये दिन देशभक्ति की भावना के लिहाज से भी एकदम सटीक बैठता है, जिससे फिल्म को और भी जोरदार रिस्पॉन्स मिलने की उम्मीद है।

दूसरा अपडेट फिल्म की शूटिंग से जुड़ा है। देहरादून में अपने हिस्से की शूटिंग खत्म करने के बाद सनी फिलहाल ब्रेक पर हैं, लेकिन जल्द ही वह दोबारा सेट पर लौटने वाले हैं। इस समय फिल्म के अन्य कलाकार – दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी – अपने हिस्से की शूटिंग में व्यस्त हैं। सनी ने भरोसा जताया है कि अगले कुछ महीनों में शूटिंग पूरी कर ली जाएगी और फिल्म तय वक्त पर तैयार हो जाएगी।

तीसरा और अहम अपडेट फिल्म की कास्टिंग को लेकर है। ‘बॉर्डर 2’ में पहली बार सनी देओल के साथ वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ जैसे लोकप्रिय चेहरे युद्धभूमि पर दिखाई देंगे। इस मल्टीस्टारर कास्ट को लेकर फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त हाइप है।

इसके अलावा सनी देओल ‘लाहौर 1947’, ‘रामायण पार्ट 1’ (जहां वो हनुमान का रोल निभा रहे हैं), ‘सफर’ (ओटीटी डेब्यू), और ‘जाट 2’ जैसी कई बड़ी फिल्मों में भी नजर आने वाले हैं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि सनी देओल का आने वाला फिल्मी कैलेंडर धमाकेदार रहने वाला है और वह आने वाले सालों में कई रिकॉर्ड्स तोड़ने के मूड में हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!