चंदौली मुठभेड़: मुटुन यादव हत्याकांड का वांछित बदमाश विशाल पासी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में चर्चित मुटुन यादव हत्याकांड के वांछित आरोपी विशाल पासी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। चकिया थाना क्षेत्र के जंगल इलाके में चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में विशाल पासी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल बदमाश को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार विशाल पासी के खिलाफ हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 25 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था और वह धानापुर क्षेत्र में हुए मुटुन यादव हत्याकांड में वांछित चल रहा था।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक तमंचा और बदमाशों की बाइक भी बरामद कर ली है। चंदौली के एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश के लिए क्षेत्र में सघन अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this content:

About The Author

You may have missed