अलीगढ़: ईद से पहले शिक्षक की गोली मारकर हत्या, पारिवारिक रंजिश में भतीजे पर आरोप, फरार आरोपी की तलाश जारी
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में शुक्रवार रात एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामला जाकिर नगर इलाके का है, जहां नमाज पढ़कर लौट रहे 30 वर्षीय आमिर को उसके ही खानदानी भतीजे ने रंजिश में गोली मार दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, आमिर चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और स्थानीय स्तर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। वह अपने परिवार के साथ क्वार्सी क्षेत्र के जाकिर नगर गली नंबर 7 में रहता था। शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे वह मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए खड़े आरोपी ने उसके सीने में गोली दाग दी।
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। आमिर को तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर एसपी सिटी, सीओ तृतीय, क्वार्सी थाने की पुलिस और फील्ड यूनिट पहुंच गई। जांच में सामने आया कि आरोपी के परिवार और आमिर के परिवार के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चल रही थी। परिजनों ने बताया कि आरोपी ने पहले ही धमकी दी थी कि ईद से पहले आमिर को मार डालेगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर सघन तलाश शुरू कर दी गई है। पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Share this content:
