गाजीपुर: 20 साल से चल रहे ढाई फीट ज़मीन विवाद में अधेड़ की गला दबाकर हत्या, पूर्व प्रधान समेत 3 हिरासत में
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के मनिया गांव में महज ढाई फीट जमीन के पुराने विवाद ने एक बार फिर खून-खराबे का रूप ले लिया। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद 55 वर्षीय मसूद खान की गांव में गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप बगल के काश्तकार और पूर्व ग्राम प्रधान कृष्ण मौर्य समेत तीन लोगों पर है, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मसूद खान अपने पुश्तैनी मकान में आराम कर रहे थे, तभी उन्हें जानकारी मिली कि बगल के आरोपियों द्वारा मकान से सटकर सीमेंटेड खंभा गाड़ा जा रहा है। जब वह पूछताछ करने मौके पर पहुंचे, तो कथित रूप से कहासुनी के बाद उन्हें दबोचकर गला घोंट दिया गया।
परिवार का कहना है कि विवादित ढाई फीट जमीन उनके घर की दीवार से लगी हुई है, जिसे उन्होंने और विपक्षी पक्ष ने आपसी सहमति से खाली छोड़ा था। लेकिन अब कृष्ण मौर्य की ओर से वहां निर्माण कराया जा रहा था। जमीन को लेकर यह मामला पिछले 20 वर्षों से सिविल कोर्ट में विचाराधीन है।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया। एहतियातन गहमर थाना क्षेत्र सहित छह थानों की फोर्स, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पूरे मामले की गहन जांच चल रही है।
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण स्तर पर ज़मीन विवादों के गंभीर परिणामों और लंबे समय से लंबित न्यायिक मामलों की स्थिति को उजागर कर दिया है।
Share this content:
