फिल्ममेकर मनीष गुप्ता पर चाकू से ड्राइवर पर हमला करने का आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR
‘धारा 375’, ‘सरकार’ और ‘420 IPC’ जैसी चर्चित फिल्में बना चुके फिल्ममेकर मनीष गुप्ता पर गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने ड्राइवर राजेबुल लश्कर पर सैलरी विवाद के दौरान चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद ड्राइवर का इलाज चल रहा है और 6 जून को मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में मनीष गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
ड्राइवर के वकील अली काशिफ खान देशमुख ने मामले में तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। वहीं फिल्ममेकर की तरफ से उनके वकील ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे पूरी तरह झूठा और पैसे ऐंठने की साजिश बताया है।
वकील का दावा है कि ड्राइवर राजेबुल का आपराधिक रिकॉर्ड है और उसने पहले एक बैंक को धोखा दिया था। साथ ही कहा गया कि ड्राइवर ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ मिलकर फिल्ममेकर को फंसाने की योजना बनाई है।
वर्सोवा पुलिस ने आईपीसी की धारा 324 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। अभी तक मनीष गुप्ता की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही उनका कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।
Share this content:
