पहलगाम हमले पर बोले पीएम मोदी तो तिलमिला उठा पाकिस्तान, बोला- कोई सबूत नहीं!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में चिनाब ब्रिज के उद्घाटन के दौरान पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान की भूमिका का जिक्र किया, तो इस पर पड़ोसी देश बुरी तरह भड़क गया. पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान घाटी में इंसानियत और कश्मीरियत को निशाना बनाकर आतंकी हमलों को अंजाम देता है. उन्होंने पहलगाम हमले को भी उसी की कड़ी बताया.
पाकिस्तान को यह बात इतनी नागवार गुज़री कि उसके विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक प्रतिक्रिया में निराशा जताई. बयान में कहा गया कि भारत के पास इस हमले में पाक की भूमिका का कोई सबूत नहीं है और प्रधानमंत्री मोदी के आरोप आधारहीन हैं. पाकिस्तान ने इस टिप्पणी को सिरे से खारिज कर दिया.
पीएम मोदी ने कटरा में एक रैली में कहा कि पाकिस्तान जैसे ही देखता है कि कश्मीर में शांति और आर्थिक तरक्की बढ़ रही है, वह अशांति फैलाने की कोशिश करता है. उन्होंने पहलगाम हमले को गरीबों की रोजी-रोटी पर हमला बताया. पीएम ने इसे भारत में धार्मिक आधार पर हिंसा भड़काने की पाक साजिश कहा.
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में एक आतंकी हमला हुआ था, जिसमें पाकिस्तान की भूमिका की पुष्टि खुफिया एजेंसियों ने की थी. इसके बाद 7 मई को भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया जिसमें पाक समर्थित 9 आतंकी संगठन तबाह कर दिए गए थे. चार दिन तक चली गोलीबारी और ड्रोन हमलों के बाद 10 मई को सीजफायर पर सहमति बनी थी.
Share this content:
