इंडिगो से राकेश गंगवाल की बड़ी विदाई? आज बिकेगी हजारों करोड़ की हिस्सेदारी
इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) के प्रवर्तक राकेश गंगवाल और उनके पारिवारिक ट्रस्ट मंगलवार को एयरलाइन में अपनी 3.4 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच सकते हैं, जिससे उन्हें करीब 6,831 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। इंडिगो के सह-संस्थापक गंगवाल पहले से ही अपनी हिस्सेदारी चरणबद्ध रूप से बेच रहे हैं, जो उन्होंने दूसरे सह-संस्थापक राहुल भाटिया के साथ मतभेद के बाद तय किया था।
सूत्रों के अनुसार, इस डील में राकेश गंगवाल के अलावा चिंकरपू फैमिली ट्रस्ट भी हिस्सेदारी बेचेगा। इस ट्रस्ट की न्यासी शोभा गंगवाल और डेलावेयर की जेपी मॉर्गन ट्रस्ट कंपनी हैं। हिस्सेदारी बिक्री की प्रक्रिया में गोल्डमैन सैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड, मॉर्गन स्टेनली इंडिया कंपनी और जेपी मॉर्गन इंडिया को नियोजन एजेंट नियुक्त किया गया है।
प्रस्तावित सौदा 27 मई को 5,175 रुपये प्रति शेयर की न्यूनतम कीमत पर किया जाएगा, जो कि सोमवार के बंद भाव से 4.5 प्रतिशत कम है। इस लेनदेन के तहत लगभग 1.32 करोड़ इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे। वर्तमान में गंगवाल और उनके ट्रस्ट के पास इंडिगो में कुल मिलाकर करीब 13.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
गंगवाल परिवार इससे पहले भी हिस्सेदारी बेच चुका है। अगस्त 2023 में फैमिली ट्रस्ट ने 9,549 करोड़ रुपये में 5.24 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची थी, और मार्च 2024 में भी हिस्सेदारी घटाई गई थी।
सोमवार को इंडिगो का शेयर NSE पर 1.76 प्रतिशत गिरावट के साथ 5,424 रुपये पर बंद हुआ। अब मंगलवार को इस हिस्सेदारी बिक्री के चलते कंपनी के शेयरों में खासा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
Share this content:
