शेयर बाजार की खुलते ही बड़ी गिरावट, निवेशकों के डूबे हजारों करोड़ रुपये
मंगलवार को शेयर बाजार की शुरुआत जबरदस्त गिरावट के साथ हुई। बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में शामिल अधिकतर कंपनियां लाल निशान में खुलीं, जिससे निवेशकों को अपनी स्क्रीन पर सिर्फ गिरावट ही नजर आई। बाजार खुलते ही सेंसेक्स में 550 अंकों की गिरावट दर्ज हुई और साढ़े नौ बजे से पहले ही यह 850 अंक तक टूट गया। एनएसई निफ्टी का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा।
बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 82,038.20 अंकों पर खुला, लेकिन कुछ ही मिनटों में यह गिरकर 81,303.88 के स्तर तक चला गया। सोमवार को सेंसेक्स 82,176.45 पर बंद हुआ था। निफ्टी 50 भी 24,956.65 अंकों पर खुला और जल्दी ही 24,765.75 तक गिर गया। सोमवार को यह 25,001.15 अंकों पर बंद हुआ था।
सोमवार को बाजार में तेज उछाल के बाद मंगलवार को तेज मुनाफा वसूली देखने को मिली। सेंसेक्स की एक्सपायरी और अंतरराष्ट्रीय दबावों ने बाजार पर असर डाला। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यूरोपीय यूनियन पर 50% टैरिफ को 9 जुलाई तक टालने की खबर से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन टैरिफ को लेकर अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है। इसके साथ ही एशियाई बाजारों में भी भारी गिरावट देखने को मिली, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा।
गिरावट से दिग्गज कंपनियों के शेयर भी नहीं बच पाए। सेंसेक्स की कंपनियों में सबसे ज्यादा नुकसान अल्ट्राटेक सीमेंट को हुआ, जिसका शेयर 2.26% तक टूट गया। जोमेटो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स और रिलायंस जैसे बड़े नामों के शेयरों में भी भारी गिरावट देखी गई।
इस गिरावट ने निवेशकों की संपत्ति को जबरदस्त झटका दिया। शेयर बाजार का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन एक घंटे के अंदर घटकर 4,42,42,074.82 करोड़ रुपये पर आ गया, जो पहले 4,46,24,476.96 करोड़ रुपये था। यानी सिर्फ एक घंटे में निवेशकों के करीब 3.82 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए। सोमवार के मुकाबले कुल नुकसान 4.68 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
Share this content:
