खाकी वर्दी में छिपे ठग! अलीगढ़ में दो फर्जी पुलिसकर्मी ग्रामीणों के हत्थे चढ़े, जमकर हुई धुनाई फिर पहुंचे थाने
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में शुक्रवार शाम एक ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने न सिर्फ ग्रामीणों को चौंका दिया, बल्कि पुलिस व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए। थाना दादों क्षेत्र के नगला उदित गांव में खाकी वर्दी पहने दो युवक खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक किसान परिवार को डरा-धमका रहे थे। लेकिन जब ग्रामीणों को कुछ शक हुआ, तो जो हुआ वो चौंकाने वाला था।
ये दोनों युवक, जिनकी पहचान प्रमोद और अरुण के रूप में हुई, अकराबाद क्षेत्र के निवासी हैं। वे वर्दी पहनकर गांव पहुंचे थे और एक किसान जयलाल के परिवार को झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देकर 20 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। जयलाल की मां सावित्री देवी ने डर के मारे यह रकम आरोपियों को सौंप भी दी थी। आरोपी मोबाइल पर फर्जी FIR दिखाकर दबाव बना रहे थे कि अगर पैसे नहीं दिए गए, तो जेल जाना तय है।
16 मई की शाम को दोनों एक बार फिर उसी घर पहुंचे, लेकिन इस बार गांववालों ने उनकी गतिविधियों पर नज़र रखी हुई थी। जैसे ही उन्होंने शक की पुष्टि के लिए पूछताछ शुरू की, दोनों युवक भागने लगे। लेकिन ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पिटाई की।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और थाने ले गई। अब दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि खाकी वर्दी का खौफ किस कदर आम लोगों को डराने और ठगने का ज़रिया बन चुका है। हालांकि, इस बार गांव के जागरूक नागरिकों ने समय रहते सच्चाई उजागर कर दी, नहीं तो ये फर्जी पुलिसकर्मी किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे।
Share this content:
