मामूली टक्कर बनी मौत की वजह! दामाद को बचाते-बचाते सास ने गंवाई जान, आज़मगढ़ में सरेआम गोलीकांड

उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रंजिश और बदले की आग में रिश्तों की कीमत को भी खत्म कर दिया। एक मामूली सड़क हादसे में हुई कहासुनी ने इतनी खौफनाक शक्ल ले ली कि एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। अतरौलिया थाना क्षेत्र के नाऊपुर गांव में 45 वर्षीय रामावती देवी को बदमाशों ने सरेआम गोली मार दी, सिर्फ इसलिए क्योंकि वो अपने दामाद को बचाने की कोशिश कर रही थीं।

घटना शुक्रवार दोपहर की है जब रामावती का दामाद संजीव पांडेय कार से अपने ससुराल, नाऊपुर आ रहा था। रास्ते में गांव के ही बिसकेतु सिंह अपने दो भतीजों के साथ बाइक से बाल कटवाकर लौट रहे थे। दोनों की गाड़ियों में हल्की सी टक्कर हो गई, जो कुछ ही पलों में कहासुनी और फिर रंजिश में बदल गई।

ससुराल पहुंचने के थोड़ी ही देर बाद बिसकेतु सिंह और उसके साथियों ने वहां पहुंचकर विवाद को और बढ़ा दिया। इसी दौरान जब विवाद उग्र हुआ, तो रामावती बीच-बचाव करने आईं और अपने दामाद को बचाने लगीं। तभी आरोपियों ने तमंचे से गोली चला दी, जो सीधा रामावती को जा लगी।

गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। एक छोटी सी टक्कर ने जिस तरह एक परिवार को मातम में डुबो दिया, उसने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है।

Share this content:

About The Author

You may have missed