April 30, 2026

भारत-पाक तनाव के बीच IPL खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी की तैयारी, बीसीसीआई ने उठाया बड़ा कदम

जब मैदान पर शोर थम गया और आसमान में डर मंडराने लगा, तब क्रिकेट से जुड़ी सबसे बड़ी चिंता यह बन गई कि अब खिलाड़ियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए? भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच IPL 2025 भी अब महज एक खेल नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला बन चुका है। इसी कड़ी में बीसीसीआई ने जो कदम उठाया है, वह इस पूरे संकट में एक बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

धर्मशाला में हुआ था IPL 2025 का 58वां मुकाबला, जिसमें पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने थे। लेकिन जैसे ही खबर आई कि पाकिस्तान ने भारत के सीमावर्ती शहरों में हमला किया है, मैच को बीच में ही रद्द करना पड़ा। उस समय तक पंजाब की टीम 10.1 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 122 रन बना चुकी थी। पहले बताया गया कि लाइट्स में खराबी है, लेकिन कुछ ही देर बाद साफ हो गया कि असल वजह पाकिस्तानी हमले की चेतावनी थी, जिसके बाद पूरे स्टेडियम को खाली कराया गया।

अब सबसे बड़ा सवाल यही था कि खिलाड़ियों को सुरक्षित कैसे निकाला जाए? और यहीं पर बीसीसीआई ने कमान संभाली। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने ऐलान किया कि धर्मशाला से खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और ब्रॉडकास्ट टीम को निकालने के लिए एक स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है। यह ट्रेन धर्मशाला के नजदीकी स्टेशन से रवाना होगी और सभी लोगों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।

राजीव शुक्ला ने कहा, “इस समय हमारी प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षा है। मैच को आगे बढ़ाना संभव नहीं था क्योंकि हालात बिल्कुल भी अनुकूल नहीं थे।” उन्होंने यह भी बताया कि बीसीसीआई ने तुरंत स्टेडियम खाली करवाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

PBKS vs DC मैच की झलक इस मैच की शुरुआत ही एक घंटे की देरी से हुई थी, क्योंकि धर्मशाला में लगातार बारिश हो रही थी। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। ओपनर प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने टीम को तगड़ी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 122 रनों की साझेदारी कर डाली थी। लेकिन जब सब कुछ ठीक लग रहा था, तभी अचानक मैच रोकना पड़ा और फिर रद्द करने का ऐलान हो गया।

अब पूरे देश की निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या IPL 2025 अपने शेष 16 मुकाबले सुरक्षित रूप से पूरे कर पाएगा? या फिर यह सीजन अधूरा ही रह जाएगा? खिलाड़ियों की वापसी के लिए की गई ये स्पेशल ट्रेन की पहल, इस बात की ओर इशारा करती है कि हालात सामान्य नहीं हैं और आने वाले दिनों में आईपीएल के कार्यक्रम में और भी बदलाव हो सकते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!