April 28, 2026

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के साये में बड़ा फैसला—राजकुमार राव की ‘भूल चूक माफ’ अब थिएटर में नहीं, सीधे ओटीटी पर होगी रिलीज!

देशभर में सुरक्षा हालातों के बीच अब मनोरंजन जगत में भी असर साफ़ दिखने लगा है। एक तरफ़ जहां ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत-पाक तनाव चरम पर है, वहीं दूसरी ओर बॉलीवुड में एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया गया है। राजकुमार राव की चर्चित फिल्म ‘भूल चूक माफ’, जो 9 मई को थिएटर्स में रिलीज़ होने वाली थी, अब सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जाएगी।

इस फिल्म को लेकर पिछले कई दिनों से प्रमोशन ज़ोरों पर था। राजकुमार राव और वामिका गब्बी की जोड़ी पहली बार साथ नजर आने वाली थी और दर्शकों को इस फिल्म से खासा उम्मीदें थीं। लेकिन अब, ‘भूल चूक माफ’ की थिएट्रिकल रिलीज़ को अचानक रद्द कर दिया गया है। इसकी जानकारी खुद राजकुमार राव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए दी, जिसमें उन्होंने बताया कि फिल्म को अब 16 मई को सीधे प्राइम वीडियो पर रिलीज किया जाएगा।

फैसले के पीछे कारण है मौजूदा सुरक्षा चिंताएं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ गया है, जिसके चलते कई मॉल्स, पब्लिक प्लेसेज़ और थिएटर्स पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में, फिल्म की टीम और प्रोड्यूसर मैडॉक फिल्म्स ने सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए फिल्म को ओटीटी पर लाने का निर्णय लिया।

हालांकि, इस फैसले से थिएटर एग्जीबिटर्स खासे नाराज़ हैं। एक प्रमुख एग्जीबिटर ने बयान में कहा, “अगर चिंता सुरक्षा की थी तो रिलीज़ को कुछ हफ्तों के लिए पोस्टपोन किया जा सकता था। लेकिन सीधा ओटीटी पर फिल्म ले जाना न केवल दर्शकों के अनुभव को प्रभावित करेगा, बल्कि थिएटर मालिकों को भी बड़ा नुकसान होगा।”

‘भूल चूक माफ’ एक सोशल ड्रामा और हल्के-फुल्के हास्य से भरपूर फिल्म है, जिसमें रिश्तों की उलझनों को नए नजरिए से दिखाया गया है। फिल्म की स्क्रिप्ट और कंटेंट को लेकर पहले से ही सराहना हो रही थी, और ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना था कि यह बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती थी।

अब देखना ये होगा कि ओटीटी रिलीज के बाद फिल्म को किस तरह का रिस्पॉन्स मिलता है। लेकिन एक बात तो तय है—‘भूल चूक माफ’ के इस अचानक बदले रुख ने बॉलीवुड में हलचल जरूर मचा दी है। साथ ही यह घटना इस बात की भी गवाही देती है कि मौजूदा वक्त में मनोरंजन से भी ज्यादा जरूरी है जनता की सुरक्षा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!