IPL 2025: ग्लेन मैक्सवेल की जगह पंजाब किंग्स ने मिच ओवन को टीम में किया शामिल
आईपीएल 2025 सीजन के बीच पंजाब किंग्स को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब टीम के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। हालांकि अब फ्रेंचाइजी ने उनके रिप्लेसमेंट प्लेयर के नाम का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया के ही युवा ऑलराउंडर मिच ओवन को मैक्सवेल की जगह टीम में शामिल किया गया है। मिच ओवन इस समय पाकिस्तान सुपर लीग में बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम पेशावर जाल्मी के लिए खेल रहे हैं और पीएसएल का सीजन खत्म होते ही वह पंजाब किंग्स की टीम से जुड़ेंगे।
23 वर्षीय मिच ओवन को पंजाब किंग्स ने 3 करोड़ रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया है। हालांकि उन्होंने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन टी20 क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने उन्हें एक भरोसेमंद खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है। मिच ने अब तक 34 टी20 मुकाबलों में 25.84 के औसत से 646 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक भी शामिल हैं। बल्लेबाजी के अलावा गेंदबाजी में भी वे टीम के लिए उपयोगी साबित हुए हैं और उनके नाम टी20 में 10 विकेट दर्ज हैं।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में इस सीजन में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन अब तक सराहनीय रहा है और टीम प्लेऑफ की मजबूत दावेदारों में से एक मानी जा रही है। ऐसे में मिच ओवन का टीम से जुड़ना पंजाब के लिए अहम हो सकता है, खासकर तब जब टीम को एक ऐसे ऑलराउंडर की तलाश थी जो मैक्सवेल की कमी को कुछ हद तक पूरा कर सके।
Share this content:
