April 18, 2026

ट्राई सीरीज के पहले मैच में ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग 11, क्या इस खिलाड़ी को मिलेगा डेब्यू का मौका?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम 27 अप्रैल को श्रीलंका महिला टीम के खिलाफ ट्राई सीरीज का पहला मुकाबला खेलेगी। इस टूर्नामेंट में टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी। भारत में 2025 महिला वर्ल्ड कप के आयोजन को ध्यान में रखते हुए, यह ट्राई सीरीज भारतीय टीम के लिए तैयारियों का एक बड़ा मौका है, जिसमें वह श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले खेलेगी। भारतीय टीम का पहला मैच कोलंबो में आयोजित होगा और सभी की नजरें टीम की प्लेइंग 11 पर टिकी हैं।

भारत की बल्लेबाजी उसकी हमेशा से ताकत रही है और हाल ही में टीम ने वेस्टइंडीज और आयरलैंड के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की है। उम्मीद की जा रही है कि श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में ओपनिंग की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना और प्रीतिका रावल संभालेंगी। प्रीतिका ने हाल के मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है और टीम के लिए लगातार रन बनाए हैं। तीसरे नंबर पर हरलीन देयोल को मौका मिल सकता है, जबकि चौथे स्थान पर कप्तान हरमनप्रीत कौर बल्लेबाजी करती नजर आ सकती हैं। मिडल ऑर्डर को मजबूती देने के लिए जेमिमा रोड्रिगेज को भी प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋचा घोष को सौंपी जा सकती है, जो अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख पलटने का माद्दा रखती हैं।

तेज गेंदबाजी विभाग में टिटास साधु, रेणुका सिंह और पूजा वस्त्राकर के चोटिल होने के चलते अरुंधति रेड्डी पर मुख्य जिम्मेदारी रहेगी। उनके साथ अमनजोत कौर को भी मौका मिलने की संभावना है। स्पिन विभाग की कमान दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा के हाथों में होगी। खास बात यह है कि वुमेंस प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाली काशवी गौतम को इस सीरीज में डेब्यू का मौका दिया जा सकता है। उन्होंने हाल ही में हुए टूर्नामेंट में 6.45 की इकॉनमी रेट से 11 विकेट लेकर सबका ध्यान खींचा था।

अगर संभावित प्लेइंग इलेवन की बात करें तो भारत की टीम में हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, प्रीतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रोड्रिगेज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, अमनजोत कौर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा और काशवी गौतम शामिल हो सकती हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!