सनी देओल की ‘जाट’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, जल्द छू सकती है 100 करोड़ का आंकड़ा
सनी देओल की फिल्म ‘जाट’ को पुष्पा 2 जैसी ब्लॉकबस्टर देने वाले प्रोडक्शन हाउस मैथ्री मूवी मेकर्स ने बनाया है। इस बार उन्होंने एक साथ दो भाषाओं में फिल्में रिलीज कर बड़ा दांव खेला—तमिल में अजित कुमार के साथ ‘गुड बैड अग्ली’ और हिंदी में सनी देओल के साथ ‘जाट’। दोनों फिल्में 10 अप्रैल को रिलीज हुईं। हालांकि, ओपनिंग के लिहाज से ‘जाट’ को केवल 9-10 करोड़ रुपये की शुरुआत मिली, वहीं ‘गुड बैड अग्ली’ ने पहले दिन ही इसका लगभग तीन गुना कलेक्शन कर लिया। लेकिन अब 16 दिनों बाद तस्वीर कुछ और नजर आ रही है।
फिल्म ‘जाट’ का 11 दिन तक का ऑफिशियल कलेक्शन 75.18 करोड़ रुपये रहा। 12वें से लेकर 16वें दिन तक के अनुमानित आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने अब तक करीब 81 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं, ‘गुड बैड अग्ली’ का कलेक्शन लगभग 147 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि शुरुआती दिनों में पिछड़ने के बाद ‘जाट’ के कलेक्शन अब ‘गुड बैड अग्ली’ के काफी करीब चल रहे हैं, जबकि ‘जाट’ को साउथ फिल्म की तुलना में कम स्क्रीन पर रिलीज किया गया था।
2025 में अब तक बॉलीवुड की केवल तीन फिल्मों—छावा (600 करोड़), स्काई फोर्स (112.75 करोड़) और सिकंदर (110 करोड़ से ऊपर)—ने ही 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है। ऐसे में ‘जाट’ चौथी ऐसी फिल्म बन सकती है जो 100 करोड़ क्लब में शामिल हो। बाकी फिल्मों में तो अधिकतर 50 करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाईं।
हालांकि, फिल्म की कमाई को लेकर कुछ चुनौती भी सामने आ सकती है। इमरान हाशमी की ‘ग्राउंड जीरो’ 25 अप्रैल को रिलीज हो चुकी है और अक्षय कुमार की ‘केसरी 2’ पहले से सिनेमाघरों में चल रही है। ऐसे में इन फिल्मों के प्रभाव से ‘जाट’ की कमाई पर असर पड़ सकता है, जो आने वाले दिनों के आंकड़ों से साफ होगा।
फिल्म की बात करें तो ‘जाट’ को गोपीचंद मालिनेनी ने डायरेक्ट किया है। सनी देओल लीड रोल में हैं और उनके साथ विनीत कुमार सिंह और रणदीप हुड्डा नेगेटिव रोल में काम किया है। 100 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म में राम्या कृष्णन, रेजिना कैसेंड्रा, सैयामी खेर और जगपति बाबू भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।
Share this content:
