बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट में शामिल हुए 5 नए चेहरे, दो ने चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में निभाई थी बड़ी भूमिका
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 1 अक्टूबर 2024 से 30 सितंबर 2025 तक के लिए नए सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट का ऐलान कर दिया है। इस बार कुल 34 खिलाड़ियों को कॉन्ट्रेक्ट में जगह मिली है, जिनमें पांच ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो पहली बार इस सूची में शामिल हुए हैं। इन पांच खिलाड़ियों के नाम हैं – वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, अभिषेक शर्मा, नीतिश कुमार रेड्डी और आकाश दीप। इन सभी को ग्रेड-सी में रखा गया है और हर एक को एक-एक करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा को बीसीसीआई ने उनके हालिया शानदार प्रदर्शन की बदौलत कॉन्ट्रेक्ट में शामिल किया है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में इन दोनों का प्रदर्शन भारत की जीत में निर्णायक साबित हुआ था। वरुण ने तीन मैचों में कुल 9 विकेट झटके, जबकि हर्षित ने 4 विकेट अपने नाम किए। इन दोनों की गेंदबाजी की बदौलत भारत को खिताब जीतने में मदद मिली।
दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने अब तक 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 535 रन बनाए हैं, जिसमें दो शानदार शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। उनके आक्रामक अंदाज़ ने भारतीय टीम को कई बार जीत दिलाई है।
वहीं, नीतिश कुमार रेड्डी और आकाश दीप ने टेस्ट क्रिकेट में अच्छा योगदान दिया है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नीतिश ने पांच टेस्ट मैचों में 298 रन बनाए और साथ ही 5 विकेट भी चटकाए। उनके हरफनमौला खेल की काफी सराहना हुई थी। आकाश दीप ने भी टेस्ट क्रिकेट में अभी तक कुल 15 विकेट हासिल किए हैं और टीम इंडिया के लिए उपयोगी गेंदबाज के रूप में उभरे हैं।
बीसीसीआई का यह कदम युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को पहचान देने और उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है
Share this content:
