10 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटेगी ‘पीकू’, 9 मई 2025 को होगी री-रिलीज
शूजीत सरकार की निर्देशन में बनी 2015 की बहुचर्चित फिल्म ‘पीकू’ एक बार फिर सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म 9 मई 2025 को अपनी 10वीं वर्षगांठ के मौके पर दोबारा थियेटर्स में रिलीज की जाएगी। अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण और दिवंगत इरफान खान जैसे दमदार कलाकारों से सजी इस फिल्म ने रिलीज के समय न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता था, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया था। करीब 40 करोड़ के बजट में बनी ‘पीकू’ ने भारत में लगभग 63 करोड़ और वर्ल्डवाइड 141 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जिससे इसे 250% से ज्यादा मुनाफा हुआ था।
इस फिल्म ने एक पिता और बेटी के रिश्ते को बेहद सादगी और भावनात्मक तरीके से पेश किया था, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। फिल्म की कहानी, संवाद, म्यूजिक और अभिनय आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं। दीपिका पादुकोण ने इसकी री-रिलीज की घोषणा करते हुए अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें अमिताभ बच्चन फिल्म की पुरानी यादें ताजा करते नजर आ रहे हैं। दीपिका ने लिखा, “एक फिल्म जो हमेशा मेरे दिल के सबसे करीब रहेगी – पीकू, 9 मई 2025 को अपनी 10वीं ऐनिवर्सरी सेलिब्रेट करने के लिए फिर से थियेटर्स में लौट रही है! इरफान… हम आपको याद करते हैं और अक्सर आपके बारे में सोचते हैं।”
फिल्म ने कई पुरस्कार भी अपने नाम किए थे, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण 63वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में अमिताभ बच्चन को मिला बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड था। अब जब यह फिल्म दोबारा सिनेमाघरों में आ रही है, तो दर्शकों के पास एक बार फिर मौका है इस खूबसूरत कहानी को बड़े पर्दे पर जीने और महसूस करने का।
Share this content:
