फाइनेंस के विवाद में हाथापाई के बाद बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत, चार लोगों पर केस दर्ज
दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके में शुक्रवार को एक 67 वर्षीय बुजुर्ग की हाथापाई के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान कैलाश नगर की गली संख्या चार में रहने वाले सतीश गुप्ता के रूप में हुई है, जो पेशे से फाइनेंसर थे। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के बेटे विशाल गुप्ता के बयान पर चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि इलाके के राजीव कुमार जैन और उनके परिवार के सदस्य दीपक जैन, राहुल जैन और रवि जैन सतीश गुप्ता से कई दिनों से उधार रुपये मांग रहे थे। पहले वे एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे लेकिन मना करने पर 50 हजार रुपये तक बात पहुंच गई। सतीश गुप्ता आरोपियों के तौर-तरीकों से संतुष्ट नहीं थे, इसलिए उन्होंने बार-बार रुपये देने से इनकार किया।
वारदात वाले दिन यानी शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे जब सतीश गुप्ता डॉक्टर के पास जाने के लिए घर से निकले, तो रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और एक बार फिर रुपये फाइनेंस करने के लिए दबाव बनाया। बुजुर्ग ने फिर से मना किया तो आरोपियों ने उन्हें घेरकर हाथापाई शुरू कर दी और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। बीचबचाव करने आई उनकी पत्नी को भी धक्का दिया गया, जिससे उनके हाथ में चोट आ गई।
इस पूरी घटना से आहत होकर सतीश गुप्ता को अचानक दिल का दौरा पड़ा और वे मौके पर ही अचेत हो गए। उनके बेटे विशाल तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को अस्पताल से मामले की सूचना मिली, जिसके बाद विशाल के बयान पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सब्जी मंडी स्थित मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
Share this content:
