April 19, 2026

सुल्तानपुर में डबल मर्डर: बेटे ने संपत्ति विवाद में पिता और भाई की हत्या की

 

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। जिले के कूरेभार थाना क्षेत्र स्थित शहरी गांव में रविवार की देर शाम अजय यादव नामक युवक ने अपने सगे पिता और भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इस डबल मर्डर के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

मामले की शुरुआती जांच में जो कारण सामने आया है, वह बेहद चौंकाने वाला है। अजय यादव का अपने पिता काशीराम यादव और भाइयों से संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी वजह से वह परिवार से अलग रहता था और आपसी बातचीत के दौरान अक्सर तनाव रहता था। बताया जा रहा है कि रविवार को वह गेहूं के बंटवारे के लिए अपने घर आया था। इसी दौरान जब उसके पिता ने बंटवारे में गेहूं देने से इनकार कर दिया, तो अजय गुस्से में आपा खो बैठा और उसने मौके पर ही अपने पिता और भाई सत्य प्रकाश यादव को गोली मार दी।

इस वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!