April 19, 2026

IPL 2025: रवींद्र जडेजा ने पूरे मैच में फेंकी सिर्फ एक गेंद और लुटा दिए 9 रन, रिंकू सिंह ने जड़ा जीत का सिक्स और पूरे किए 1000 रन

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का खराब प्रदर्शन जारी है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में टीम को 8 विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। यह सीएसके की लगातार पांचवीं हार है, जिससे प्लेऑफ की उम्मीदें भी कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं। इस मैच में बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ही मोर्चों पर चेन्नई की टीम बुरी तरह फ्लॉप रही।

चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 103 रन बनाए। जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने महज 10.1 ओवर में ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मुकाबले में एक बेहद अजीबो-गरीब पल भी देखने को मिला, जब रवींद्र जडेजा ने पूरे मैच में सिर्फ एक ही गेंद फेंकी और उस पर 9 रन खर्च कर दिए।

जडेजा की एक गेंद पर 9 रन, रिंकू सिंह ने किया कमाल

मैच का 11वां ओवर रवींद्र जडेजा लेकर आए, जब केकेआर के बल्लेबाज रिंकू सिंह क्रीज पर थे। ओवर की पहली गेंद नो बॉल थी, जिस पर रिंकू सिंह ने दौड़कर दो रन पूरे किए। इसके बाद जडेजा ने जो पहली वैध गेंद फेंकी, उस पर रिंकू सिंह ने जोरदार छक्का जड़ते हुए मैच को खत्म कर दिया। इस तरह पूरे मैच में जडेजा ने सिर्फ एक ही वैध गेंद डाली और कुल 9 रन लुटा दिए।

रिंकू सिंह ने पूरे किए IPL में 1000 रन

रिंकू सिंह ने इस मुकाबले में एक और उपलब्धि अपने नाम की। जैसे ही उन्होंने जडेजा की नो बॉल पर दो रन पूरे किए, उन्होंने आईपीएल में अपने 1000 रन पूरे कर लिए। रिंकू सिंह 2018 से कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ जुड़े हुए हैं और अब तक उन्होंने 52 मैचों में कुल 1007 रन बना लिए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से चार अर्धशतक भी निकले हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह सीजन अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में टीम लगातार विफल रही है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अब सीएसके को बाकी बचे मुकाबलों में करिश्माई प्रदर्शन करना होगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!