IPL 2025: आंधी देखकर रोहित शर्मा बोले ‘कमबैक’, मैदान से बिजली की गति से भागे मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी
मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल 2025 में 13 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में भिड़ेगी। मैच से पहले जब मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी दिल्ली में ट्रेनिंग कर रहे थे, तभी अचानक मौसम ने करवट ले ली और तेज आंधी आ गई। इसके चलते खिलाड़ियों को बीच में ही ट्रेनिंग छोड़कर मैदान से बाहर भागना पड़ा।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) में शुक्रवार शाम मौसम बिगड़ गया। तेज हवाओं और हल्की बारिश ने खिलाड़ियों को अपनी तैयारियों को रोकने पर मजबूर कर दिया। मुंबई इंडियंस की टीम दिल्ली पहुंच चुकी है और मैच की तैयारियों में जुटी थी, लेकिन मौसम ने उनके प्लान पर पानी फेर दिया।
मुंबई इंडियंस ने इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है, जिसमें खिलाड़ी आंधी के दौरान मैदान से बाहर भागते दिख रहे हैं। वीडियो में रोहित शर्मा चिल्लाते हुए कहते हैं, “कमबैक, कमबैक।” वहीं जब कैमरा रोहित की ओर जाता है तो वह मजाकिया अंदाज में कहते हैं, “मुझे क्या दिखा रहा है? उसे (आंधी को) दिखा ना।” इस दौरान दीपक चाहर, कोच महेला जयवर्धने और लसिथ मलिंगा भी मैदान से तेजी से बाहर निकलते दिखे। एक अन्य वीडियो में तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट बिजली की गति से दौड़ते हुए नजर आते हैं।
मुंबई इंडियंस की टीम का प्रदर्शन इस सीजन में खास नहीं रहा है। टीम ने अब तक 5 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से सिर्फ 1 में जीत हासिल की है जबकि 4 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। दो अंकों के साथ टीम का नेट रन रेट -0.010 है और वह प्वाइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर है। अब टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बाकी बचे 9 मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।
सीजन के पहले मुकाबले में कप्तान हार्दिक पांड्या बैन के कारण नहीं खेल पाए थे और उनकी जगह सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी की थी। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने टीम की कमान संभाली, लेकिन अब तक मुंबई की किस्मत नहीं बदली है। पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन अब तक काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। टीम को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अब हर मुकाबला फाइनल की तरह खेलना होगा!
Share this content:
