April 19, 2026

IPL 2025: पावरप्ले में पूरी CSK ने लगाए सिर्फ 3 छक्के, KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे अकेले लगा चुके हैं 10 सिक्स

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल 2025 में बहुत ही खराब प्रदर्शन कर रही है। टीम लगातार पांच मुकाबले हार चुकी है और वह इस समय प्वाइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर मौजूद है। टीम का हर दांव उल्टा पड़ा रहा है और जीत नहीं मिल रही है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ CSK को 8 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी। इस मैच में बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से पहले तो सीएसके की टीम 103 रन ही बना सकी। इसके बाद गेंदबाज भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए और केकेआर ने आसानी से टारगेट चेज कर लिया।

आईपीएल 2025 के जारी सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज रन बनाने के लिए तरस रहे हैं। वहीं नियमित कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के बाहर होने के बाद टीम की परेशानी और बढ़ गई है, क्योंकि उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल हुए राहुल त्रिपाठी बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं। CSK के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि IPL 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-10 बल्लेबाजों में चेन्नई सुपर किंग्स का एक भी खिलाड़ी शामिल नहीं है।

आईपीएल 2025 के पावरप्ले में अभी तक चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से कुल तीन छक्के ही लगे हैं, जबकि इस फॉर्मेट में पावरप्ले के ओवर बल्लेबाजों के लिए रन बनाने का बेहतरीन मौका होते हैं। लेकिन मौजूदा सीजन में CSK के बल्लेबाज पावरप्ले का फायदा नहीं उठा पाए हैं और इसी वजह से टीम बड़ा स्कोर बनाने से चूक रही है। दूसरी तरफ कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे अभी तक आईपीएल 2025 के पावरप्ले में अकेले ही 10 छक्के लगा चुके हैं, जो पूरी CSK टीम के आंकड़े से ज्यादा है।

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने आईपीएल 2025 में अपना पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ चार विकेट से जीता था, लेकिन उसके बाद से ही टीम जीत की पटरी से उतर गई और लगातार पांच मुकाबले हार चुकी है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब आईपीएल में CSK लगातार पांच मुकाबले हारी हो। टीम के खाते में दो अंक हैं और उसका नेट रन रेट माइनस 1.554 है। वह प्वाइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर काबिज है और अब प्लेऑफ में पहुंचना किसी करिश्मे से कम नहीं होगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!