April 20, 2026

बड़े अच्छे लगते हैं’ फेम चाहत खन्ना ने किया चौंकाने वाला खुलासा, बताया कैसे बीच सड़क पर हुई थी छेड़छाड़

टीवी की लोकप्रिय एक्ट्रेस चाहत खन्ना, जिन्होंने ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ और ‘कबूल है’ जैसे हिट शोज़ से घर-घर में पहचान बनाई, हाल ही में अपने एक इंटरव्यू में बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। चाहत ने बताया कि करीब 10-11 साल पहले उनके साथ एक खौफनाक छेड़छाड़ की घटना हुई थी, जब वह अपनी बहनों के साथ कार में थीं।

Hauterrfly को दिए इंटरव्यू में चाहत ने बताया कि वह अपनी दो बहनों के साथ कार चला रही थीं, तभी दो बाइक सवार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। वह लगातार गाड़ी के पास आकर भद्दे और वल्गर कमेंट कर रहे थे। कार की खिड़कियां खुली थीं, इसलिए चाहत ने साफ-साफ उनकी बातें सुनीं। उन्होंने बताया, “वो लोग बार-बार रास्ता काट रहे थे। मैंने सोचा बहुत हो गया, गाड़ी रोक दी और बाहर निकलकर उन्हें मारा।”

चाहत ने आगे बताया कि उस झगड़े में उन्हें भी चोटें आईं, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। उन्होंने कहा, “ये पूरा सीन WWE जैसा हो गया था। मैंने एक का दांत भी तोड़ दिया मुक्का मारकर।”

इस घटना के अलावा चाहत ने अपने बचपन का भी एक दर्दनाक अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उनकी सोसायटी के एक बुजुर्ग, जिन्हें सब एक ‘प्यारे बंगाली अंकल’ के तौर पर जानते थे, बचपन में उन्हें चॉकलेट देने के बहाने गोद में बिठाते थे और उनके साथ अनुचित हरकतें करते थे।

चाहत ने कहा, “उस वक्त मुझे समझ नहीं आता था। लेकिन दो साल पहले जब मेरी बचपन की दोस्त से मुलाकात हुई, तब उसने बताया कि उसने उसी अंकल के खिलाफ छेड़छाड़ का केस किया था। तभी मुझे एहसास हुआ कि मेरे साथ भी वही हुआ था।”

करियर की बात करें तो चाहत खन्ना ने टीवी शो ‘हीरो: भक्ति ही शक्ति है’ से अपनी शुरुआत की थी और ‘कुमकुम’, ‘काजल’, ‘कुबूल है’ जैसे कई मशहूर सीरियल्स में काम किया। उन्हें असली पहचान ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में आयशा शर्मा कपूर के किरदार से मिली। वह फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं, जिनमें ‘थैंक यू’, ‘7½ फेरे’, ‘प्रस्थानम’ और 2023 में रिलीज हुई ‘यात्री’ शामिल हैं।

चाहत खन्ना का यह खुलासा महिलाओं की सुरक्षा और समाज में मौन सहमति से हो रहे अपराधों को लेकर एक बार फिर गंभीर सोच की जरूरत को सामने लाता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!