कैब ड्राइवर को घर में पनाह दी, फिर प्रेमी संग मिल रचा खौफनाक खेल..
माया नगरी मुंबई से आई एक सनसनीखेज खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया है। यह सिर्फ एक हत्या की कहानी नहीं, बल्कि प्यार, धोखे और निर्ममता की ऐसी दास्तान है जो किसी को भी अंदर तक हिला दे। नवी मुंबई के उल्वे इलाके में एक कैब ड्राइवर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अब इस मामले में जो खुलासे हुए हैं, वे और भी चौंकाने वाले हैं।
यह कहानी शुरू होती है 19 वर्षीय युवती रिया से, जिसने कुछ वक्त पहले कैब ड्राइवर संजय पांडे से जान-पहचान बढ़ाई। रिया ने कुछ दिन उसके साथ बिताए, ड्राइवर के घर में रही और वहीं अपने प्रेमी विशाल को भी बुला लिया। हैरानी की बात ये है कि वह उसी घर में रहकर अपने प्रेमी के साथ शारीरिक संबंध भी बनाती रही, जहां संजय ने उन्हें पनाह दी थी।
इसी दौरान दोनों ने एक खौफनाक प्लान तैयार किया। उन्होंने तय किया कि संजय की हत्या कर दी जाएगी। और एक दिन उन्होंने उस योजना को अंजाम दे दिया—पहले संजय को हथौड़े से सिर पर बेरहमी से वार कर मारा गया, फिर उसकी आंखें भी निकाल लीं। हत्या के बाद कपल ने संजय की कैब लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन विशाल को ड्राइविंग नहीं आती थी। नासिक और पुणे में गाड़ी के छोटे-बड़े एक्सीडेंट भी हुए, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।
मुंबई पुलिस की छानबीन ने मामले की परतें खोलीं और आखिरकार रिया और विशाल को धर दबोचा गया। पूछताछ में दोनों ने अपने अपराध को कबूल कर लिया। पुलिस को घटनास्थल से खून से सना हथौड़ा और कुछ अन्य सबूत भी मिले हैं।
इस दर्दनाक वारदात ने न सिर्फ एक मासूम ड्राइवर की जान ले ली, बल्कि यह भी दिखा दिया कि जब प्यार में धोखा और लालच मिल जाए, तो इंसान किस हद तक गिर सकता है। पुलिस अब इस मामले में और गहराई से जांच कर रही है कि कहीं कोई और भी इसमें शामिल तो नहीं।
मुंबई की यह खौफनाक प्रेम कहानी एक बार फिर साबित करती है कि हर मुस्कुराता चेहरा भरोसे के काबिल नहीं होता… और हर मेहमान दोस्त नहीं।
Share this content:
