पति पर लगाया आरोप, खुद ही फंस गई पत्नी! हाई कोर्ट ने लगाया 50 हजार का जुर्माना, जानें पूरा मामला
हाईदिल्ली कोर्ट में एक महिला द्वारा अपने पति पर लगाए गए गंभीर आरोप उस पर ही भारी पड़ गए। अदालत की अवमानना की याचिका दायर कर महिला ने दावा किया था कि उसके पति और ससुराल वालों ने बच्चे से मुलाकात के दौरान हंगामा किया, लेकिन सुनवाई के दौरान जब सच्चाई सामने आई तो पूरा मामला उलट गया। कोर्ट ने महिला की याचिका न केवल खारिज की, बल्कि उस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी ठोक दिया।
याचिकाकर्ता महिला ने हाई कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी कि बच्चे से मिलने के दौरान उसके पति ने कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करते हुए हंगामा किया। लेकिन जब अदालत ने घटना का वीडियो साक्ष्य के रूप में देखा, तो पाया कि असल में महिला और उसके साथ मौजूद लोग ही पति को उकसा रहे थे।
वीडियो बना सबूत, कोर्ट ने बताया महिला को दोषी
जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस रेणु भटनागर की खंडपीठ ने कहा कि वीडियो क्लिप स्पष्ट रूप से दिखाती है कि याचिकाकर्ता ने खुद पति को भड़काया और स्थिति को बिगाड़ा। कोर्ट ने यह भी कहा कि यह महिला द्वारा कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन है।
अदालत का सख्त रुख, लगाया आर्थिक दंड
कोर्ट ने याचिका को “झूठे और भ्रामक तथ्यों” पर आधारित मानते हुए खारिज कर दिया और महिला पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया। इस जुर्माने में से 25,000 रुपये प्रतिवादी यानी महिला के पति को देने का आदेश दिया गया है, जबकि बाकी 25,000 रुपये चार हफ्तों के भीतर दिल्ली हाई कोर्ट के अधिवक्ता कल्याण कोष में जमा करने होंगे।
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि अदालतें केवल आरोपों के आधार पर नहीं, बल्कि ठोस सबूतों के दम पर फैसले सुनाती हैं। यहां महिला की एकतरफा शिकायत, उसके ही खिलाफ चली गई—और इसका खामियाजा उसे आर्थिक रूप में भुगतना पड़ा।
Share this content:
