शुभमन गिल भारतीय क्रिकेट के अगले पोस्टर बॉय हैं” – जोस बटलर ने की कप्तान की जमकर तारीफ
गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अहम मुकाबले से पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और गुजरात के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर ने शुभमन गिल की कप्तानी की जमकर तारीफ की है। बटलर ने गिल को “भारतीय क्रिकेट का अगला पोस्टर बॉय” बताया और कहा कि वह मैदान पर बेहद शांत, समझदार और एक प्रेरणादायक लीडर हैं।
बटलर ने क्रिकबज से बातचीत में कहा, “शुभमन गिल एक स्टार हैं। उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए शानदार नेतृत्व किया है। टीम और कोच आशीष नेहरा के साथ उनकी केमिस्ट्री बेहतरीन है। उनका मैदान पर जुनून और ठहराव उन्हें खास बनाता है।” बटलर ने आगे बताया कि उन्हें गिल के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना और उनके खेलने का तरीका समझना काफी अच्छा लग रहा है।
शुभमन गिल ने इस सीजन अभी तक तीन मैचों में 154.54 के स्ट्राइक रेट से 85 रन बनाए हैं, जबकि बटलर ने शानदार फॉर्म में रहते हुए 166 रन ठोके हैं और फिलहाल वह टूर्नामेंट के टॉप 5 स्कोरर्स में शामिल हैं।
गौरतलब है कि बटलर को गुजरात टाइटंस ने IPL 2025 मेगा ऑक्शन में 15.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। टीम की नजर अब इस जोड़ी पर है, क्योंकि अगर गुजरात को प्लेऑफ में जगह बनानी है, तो गिल और बटलर को आगे से मोर्चा संभालना होगा।
Share this content:
