न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया, सीरीज में 2-0 की बढ़त
न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को मंगलवार को खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मैच में 5 विकेट से हराकर सीरीज में अपनी बढ़त को मजबूत किया। यह पाकिस्तान के लिए लगातार दूसरी हार थी, क्योंकि न्यूजीलैंड ने पहले मैच में भी उसे हराया था। टिम सीफर्ट को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सीफर्ट ने 45 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उन्होंने शाहीन अफरीदी के एक ओवर में चार छक्के जड़े थे। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है, जिससे पाकिस्तान की स्थिति मुश्किल हो गई है।
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को जीत के लिए 136 रनों का लक्ष्य दिया। हालांकि, न्यूजीलैंड ने 13.1 ओवरों में ही इस लक्ष्य को हासिल कर लिया और मैच 5 विकेट से जीत लिया। न्यूजीलैंड की शुरुआत शानदार रही, जहां टिम सीफर्ट और फिन एलन ने जबरदस्त ओपनिंग की। सीफर्ट ने 22 गेंदों में 45 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 3 चौके शामिल थे। एलन ने भी 16 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 5 छक्के मारे।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्क चैम्पमैन 1 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि डेरिल मिशेल ने 14 रन बनाए और पवेलियन लौट गए। जेम्स नीशम भी महज 5 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन मिचेल हेय ने 21 रनों की नाबाद पारी खेली और न्यूजीलैंड को जीत दिलाई। कप्तान ब्रेसवेल 5 रन बनाकर नाबाद रहे।
पाकिस्तान की ओर से बॉलिंग में हारिस रउफ ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद अली और खुशदिल शाह ने एक-एक विकेट लिया। पाकिस्तान के लिए सलमान आगा ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए, जो 28 गेंदों में आए। सलमान की पारी में 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। शादाब खान ने भी 14 गेंदों में 26 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
यह पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार थी, और अब उसे सीरीज में वापसी की उम्मीदें कम हो गई हैं। पाकिस्तान को सीरीज बचाने के लिए अगले मैच में जीत की जरूरत होगी, जो 21 मार्च को ऑकलैंड में खेला जाएगा।
Share this content:
