April 30, 2026

रहस्यमयी महिला की दिनदहाड़े चोरी से थर्राया भागलपुर: बंजरंगबली के मंदिर में हुई दुस्साहसी वारदात, CCTV में कैद हुई एक-एक हरकत

दिन के उजाले में कोई यूं मंदिर में घुसेगा, भगवान के गहने उतारेगा और चुपचाप निकल जाएगा—यह बात किसी को भी चौंका सकती है। लेकिन बिहार के भागलपुर जिले में ऐसा ही हुआ। नवगछिया थाना क्षेत्र स्थित एक प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में दिनदहाड़े एक महिला ने बंजरंगबली के चांदी के जेवरात चुरा लिए। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसे देखने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग सन्न रह गए।

चुपचाप आई, भगवान के गहने उतारे और गायब हो गई…
घटना 19 मई की बताई जा रही है, लेकिन इसका सीसीटीवी फुटेज 25 मई को सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक महिला मंदिर में अकेली दाखिल होती है। वो सीधे मूर्ति के पास जाती है और बहुत सहजता से बंजरंगबली के कानों से चांदी के कुंडल, गले से चांदी का जनेऊ, पैरों से कड़ा और अन्य कीमती जेवरात उतारने लगती है। वो इतने आराम से यह काम करती है मानो उसे कोई डर ही न हो।

चोरी के बाद ऐसा दिखा आत्मविश्वास कि पुलिस भी चकरा गई
जब उसने सभी गहने उतार लिए, तो वह मंदिर के बाहर निकली, वहीं रखे अपने चप्पल पहने, गेट के पास रखा अपना सामान उठाया और एनएच 31 के रास्ते नवगछिया के जीरोमाइल की ओर निकल गई। किसी को भनक तक नहीं लगी।

पहले भी लुट चुका है यह मंदिर
सबसे हैरानी की बात यह है कि यह पहली घटना नहीं है। इसी मंदिर से पहले भी चोरी हो चुकी है। कुछ समय पहले बंजरंगबली की प्रतिमा का मुकुट चुरा लिया गया था। इसके अलावा नवगछिया थाना क्षेत्र के दर्जनों मंदिर चोरों के निशाने पर आ चुके हैं। हालांकि पुलिस ने पहले की कुछ घटनाओं में आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन मंदिरों की सुरक्षा पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस ने शुरू की तलाश, लेकिन अब तक सुराग नहीं
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर महिला की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

सवाल उठते हैं… जवाब अब तक नहीं

आखिर दिनदहाड़े मंदिर में ऐसी दुस्साहसी चोरी कैसे हो गई?

मंदिर में पुजारी या कोई अन्य मौजूद क्यों नहीं था?

क्या महिला पहले से रेकी करके आई थी?

और सबसे अहम सवाल—क्या मंदिर सुरक्षित हैं?

भागलपुर की इस घटना ने न सिर्फ प्रशासन को झकझोर दिया है, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस को अब न सिर्फ इस चोरी की गुत्थी सुलझानी है, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस रणनीति भी बनानी होगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!