भारत-कतर संबंधों में नया मोड़? पीएम मोदी ने खुद एयरपोर्ट पर किया अमीर का स्वागत
नई दिल्ली: भारत-कतर संबंधों में एक नई दिशा की ओर संकेत देते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद एयरपोर्ट पर पहुंचकर कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी का स्वागत किया। कतर के अमीर अपने दो दिवसीय राजकीय दौरे पर सोमवार शाम दिल्ली पहुंचे। इस ऐतिहासिक यात्रा को भारत और कतर के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
विदेश मंत्री जयशंकर ने की अमीर से मुलाकात
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमीर से देर रात मुलाकात की और इस यात्रा को दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “कई क्षेत्रों में हमारे सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए अमीर के मार्गदर्शन की सराहना करता हूं। मुझे विश्वास है कि पीएम मोदी के साथ उनकी बातचीत से हमारे करीबी रिश्ते और मजबूत होंगे।”
आज पीएम मोदी और राष्ट्रपति से करेंगे चर्चा
कतर के अमीर आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान व्यापार, ऊर्जा सहयोग, निवेश और द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी पर अहम चर्चाएं होंगी। मोदी ने भी एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “अपने भाई कतर के अमीर का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट गया। उनके भारत प्रवास की सफलता की कामना करता हूं और कल की बैठक की प्रतीक्षा कर रहा हूं।”
भारत-कतर साझेदारी को मिलेगी नई गति?
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा भारत और कतर के बीच बढ़ती बहुआयामी साझेदारी को नई गति देगी। कतर के अमीर के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है, जिसमें मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और प्रमुख व्यापारिक नेता शामिल हैं।
क्या इस दौरे से भारत-कतर संबंधों में एक नए युग की शुरुआत होगी? सभी की निगाहें आज होने वाली अहम बैठकों
पर टिकी हैं…
Share this content:
