April 17, 2026

पाकिस्तान में सहायता काफिले पर घातक हमला, आतंकियों की गोलियों से मचा हड़कंप

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुर्रम जिले में आतंकियों ने सोमवार को एक बड़े हमले को अंजाम दिया। आतंकियों ने राहत सामग्री ले जा रहे ट्रकों के काफिले पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक ट्रक ड्राइवर और एक सुरक्षा अधिकारी की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुरक्षा कारणों से 64 ट्रकों को वापस लौटाया गया

पुलिस ने बताया कि आतंकियों ने बागान, ओचित, मंडोरी, दाद कमर और चार खेल सहित कई इलाकों में हमले किए, जिससे हालात बिगड़ गए। स्थिति को देखते हुए 64 वाहनों के काफिले को वापस हंगू की ओर मोड़ना पड़ा।

शिया-सुन्नी हिंसा से और बिगड़े हालात

इस क्षेत्र में शिया और सुन्नी समुदायों के बीच बढ़ती हिंसा में पिछले कुछ महीनों में 130 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा, आतंकियों ने सुरक्षा बलों को भी लगातार निशाना बनाया है। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना ने उत्तर और दक्षिण वजीरिस्तान में कई आतंक रोधी अभियान शुरू किए हैं।

टीटीपी के खिलाफ पाक सेना का जवाबी हमला

इसी बीच, डेरा इस्माइल खान और उत्तर वजीरिस्तान में पाकिस्तानी सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें चार सैनिक शहीद हो गए, जबकि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के 15 आतंकियों को मार गिराया गया। पाकिस्तानी सेना के अनुसार, टीटीपी, अफगान तालिबान से जुड़ा संगठन है और उसके हमले 2022 में अफगान तालिबान के सत्ता में आने के बाद से बढ़ गए हैं।

क्या पाकिस्तान में आतंक की नई लहर शुरू हो चुकी है? सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, लेकिन सवाल बरकरार…

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!