चोरी की शिकायत करने वाला निकला चोर: मिर्जापुर में भगवान राम-लक्ष्मण-जानकी की मूर्तियां चोरी का खुलासा

0

मिर्जापुर: मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र में स्थित राम-जानकी मंदिर से भगवान राम, लक्ष्मण और जानकी की प्राचीन मूर्तियां चोरी होने का मामला बेहद चौंकाने वाला सामने आया है। यहां पर एक तरफ पुलिस को मूर्तियों की चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई, तो दूसरी तरफ पुलिस जांच में पाया कि शिकायतकर्ता खुद इस वारदात का मुख्य आरोपी था। 14 जनवरी को वंशीदास नामक व्यक्ति ने पुलिस में मंदिर से मूर्तियों के चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया और मामले की जांच शुरू कर दी।

 

मामले की तहकीकात में पुलिस को यह अहम् जानकारी मिली कि वंशीदास, जो पिछले तीन साल से मंदिर की देखभाल कर रहा था, खुद ही चोरी के मामले में संलिप्त था। पुलिस पूछताछ में वंशीदास ने बताया कि वह गुरु महाराज जयराम दास और सतुआ बाबा के बीच मंदिर की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में उलझा हुआ था। जब उसे यह जानकारी मिली कि जयराम दास मंदिर की संपत्ति अपने भतीजे के नाम ट्रांसफर करना चाहते हैं, तो उसने मूर्तियों की चोरी का खतरनाक प्लान बनाया।

 

वंशीदास ने अपने साथियों लवकुश पाल, कुमार सोनी और राम बहादुर पाल को मिलाकर मूर्तियां चुराईं और उन्हें हाईमाई पहाड़ी मंदिर के पीछे छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों से बोलेरो कार में मूर्तियां बरामद की और सभी चार को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया, क्योंकि एक व्यक्ति जिसने चोरी की शिकायत की, वही वारदात का मास्टरमाइंड था। अब पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, और मंदिर से संबंधित संपत्ति विवाद की पूरी कहानी सामने आने की संभावना है।

Share this content:

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!