WTC फाइनल से पहले ऋषभ पंत ने लॉर्ड्स की छत पर जड़ा छक्का, इंग्लैंड के खिलाफ कहर की आहट!
लंदन, 10 जून 2025 – भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत ने टेस्ट सीरीज़ की शुरुआत से पहले ही इंग्लैंड की धरती पर तूफानी अंदाज़ में दस्तक दे दी है। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में प्रैक्टिस के दौरान पंत के बल्ले से निकले एक करारे छक्के ने स्टेडियम की छत को ही तोड़ दिया। यह दृश्य न सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, बल्कि इंग्लैंड के लिए चेतावनी का संकेत भी बन गया है।
भारत और इंग्लैंड के बीच बहुप्रतीक्षित टेस्ट सीरीज़ 20 जून से लीड्स में शुरू हो रही है, लेकिन उससे पहले टीम इंडिया लॉर्ड्स में अभ्यास कर रही है, जहां 11 जून से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच WTC फाइनल खेला जाएगा। इसी अभ्यास सत्र के दौरान वाशिंगटन सुंदर की गेंद पर पंत ने घुटने के बल बैठकर ऐसा प्रहार किया कि गेंद दो सेकंड में लॉर्ड्स की छत पर जा गिरी और वहां पर एक दरार बन गई।
वीडियो में दिखा पंत का तूफानी अंदाज़
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह पंत ने स्वाभाविक अंदाज़ में गेंद को मिडविकेट के ऊपर से लॉर्ड्स की छत पर पहुंचा दिया। गेंद जहां जाकर गिरी, वहां स्पष्ट रूप से टूट-फूट के निशान देखे जा सकते हैं। इंग्लैंड की टीम के लिए यह महज़ एक प्रैक्टिस शॉट नहीं, बल्कि चेतावनी हो सकती है कि पंत इस दौरे पर किस मूड में हैं।
इंग्लैंड में हमेशा अलग रहता है पंत का रंग
ऋषभ पंत के लिए इंग्लैंड की पिचें हमेशा अनुकूल साबित हुई हैं। पिछले दौरे पर उन्होंने 101.50 की औसत से रन बनाए थे, जिसमें एक ही टेस्ट में 203 रन (शतक और अर्धशतक) भी शामिल थे। अब तक इंग्लैंड में खेले 8 टेस्ट में वह 511 रन बना चुके हैं, जिसमें दो शानदार शतक शामिल हैं।
इस बार टीम के उप-कप्तान के तौर पर इंग्लैंड पहुंचे पंत से उम्मीदें और भी ज्यादा हैं। लॉर्ड्स की छत पर पड़ा यह छक्का न सिर्फ उनके आत्मविश्वास को दर्शाता है, बल्कि इंग्लैंड को भी आगाह करता है कि इस बार पंत का बल्ला और भी गरजने वाला है।
Share this content:
