जरूरत से ज्यादा वर्कआउट सेहत के लिए बन सकता है खतरा, जानिए कैसे रखें संतुलन
फिट और हेल्दी रहने के लिए एक्सरसाइज करना जरूरी है, लेकिन जब यह जुनून बन जाए और जरूरत से ज्यादा हो जाए, तो यह सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। आज के दौर में बहुत से लोग सोशल मीडिया पर फिटनेस इन्फ्लुएंसर या सेलिब्रिटीज को देखकर वर्कआउट करना शुरू कर देते हैं। वे सोचते हैं कि जितनी ज्यादा मेहनत करेंगे, उतना ही जल्दी फिट हो जाएंगे, लेकिन सच्चाई इसके बिल्कुल उलट है। जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज करने से शरीर पर इसका नेगेटिव असर पड़ता है।
ओवर वर्कआउट की वजह से मांसपेशियों में खिंचाव और असहनीय दर्द हो सकता है। इसके साथ ही कार्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है जिससे तनाव, बेचैनी और मन की अशांति बढ़ने लगती है। यही नहीं, इससे ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और हार्ट को नुकसान हो सकता है। हार्मोनल असंतुलन की वजह से भूख कम लगने लगती है और इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है। हड्डियों पर अत्यधिक दबाव की वजह से स्ट्रेस फ्रैक्चर तक हो सकते हैं जो बाद में गंभीर चोटों में बदल सकते हैं।
गलत वर्कआउट तकनीक के कारण शरीर में एड्रेनालाईन हार्मोन का स्तर बढ़ता है जिससे नींद नहीं आती, थकान रहती है और मूड स्विंग, चिड़चिड़ापन, एंग्जायटी और डिप्रेशन जैसी मानसिक समस्याएं जन्म ले सकती हैं। इसलिए यह बेहद जरूरी है कि वर्कआउट करते समय शरीर की क्षमता को समझा जाए और उसी अनुसार एक्सरसाइज की जाए। अभ्यास शुरू करने से पहले वार्मअप किया जाए, सही तकनीक अपनाई जाए, पर्याप्त नींद ली जाए और शरीर को हाइड्रेटेड रखा जाए।
इसी दिशा में योगगुरु स्वामी रामदेव आज योग और ध्यान का संतुलित रूटीन बताने वाले हैं, जिसमें सही योगाभ्यास और फिटनेस को लेकर जरूरी सावधानियों पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
Share this content:
