April 21, 2026

संभल में मर्डर के बाद चला बुलडोजर, बुर्का पहनकर सरेंडर करने वाले मुख्य आरोपी की जमीन पर चली JCB

उत्तर प्रदेश के संभल ज़िले में एक हाई-प्रोफाइल मर्डर केस के बाद बुलडोजर कार्रवाई ने फिर से सुर्खियाँ बटोरी हैं। भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव हत्याकांड के सभी आरोपी अब जेल की सलाखों के पीछे हैं, लेकिन अब पुलिस और प्रशासन की नजर उनके अवैध कब्जों और निर्माणों पर है। इस कार्रवाई की शुरुआत उस वक्त हुई जब हत्याकांड का मुख्य आरोपी धर्मवीर बुर्का पहनकर चुपचाप बदायूं कोर्ट में सरेंडर कर चुका था।

धर्मवीर की गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने आरोपी पक्ष के अवैध निर्माणों पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की है। बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक अमले ने ब्लॉक प्रमुख रवि यादव द्वारा किए गए कई अवैध कब्जों को जमींदोज कर दिया। रवि यादव इस हत्याकांड के सह-आरोपियों में से एक हैं।

कब्जाई गई जमीन पर चला बुलडोजर
गुन्नौर के रहने वाले अब्दुल मजीद ने प्रशासन से शिकायत की थी कि उसकी लगभग 0.838 हेक्टेयर जमीन को ब्लॉक प्रमुख रवि यादव ने फर्जी बैनामा कराकर हथिया लिया था। कोर्ट के आदेश के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। आखिरकार पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया और मजीद को उसका हक दिलाया।

तालाब की जमीन पर भी कब्जा
यही नहीं, आरोपी रवि यादव और उनके साथियों ने ग्राम मैढोली के पास एक सरकारी तालाब की जमीन पर भी कब्जा कर लिया था और वहाँ चारदीवारी खड़ी कर दी थी। ग्रामीणों की बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। लेकिन प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाते हुए हल्का लेखपाल कृष्ण नंदन सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर खंडहरनुमा निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया।

प्रशासन ने दिखाई सख्ती
संभल में हुई यह कार्रवाई बताती है कि अब यूपी में अपराधियों के खिलाफ न सिर्फ कानूनी बल्कि संपत्ति स्तर पर भी कार्रवाई की जा रही है। गुलफाम सिंह यादव की हत्या के बाद जिस तरह प्रशासन ने तेज़ी से पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसा है, वह अपराधियों को स्पष्ट संदेश देता है कि अपराध के साथ-साथ उसके आर्थिक ढांचे को भी जमींदोज किया जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज़ है और लोग प्रशासन की इस कार्रवाई को न्याय की दिशा में मजबूत कड़ी मान रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!