April 26, 2026

अंबेडकरनगर में लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश, 9 आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक लुटेरी दुल्हन और उसके पूरे गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस गैंग की सरगना गुलशन रियाज खान है, जो देश के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग नामों से लगभग 12 शादियां कर चुकी है। गुलशन ने गुजरात में काजल, हरियाणा में सीमा, बिहार में नेहा और यूपी में स्वीटी या सीमा या काजल बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाया। यह लुटेरी दुल्हन अकेले काम नहीं करती थी, बल्कि इसके साथ एक पूरा गैंग काम करता था जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं।

गैंग का काम था ऐसे लोगों को तलाशना जिनकी शादी नहीं हो रही थी। ये लोग शादी कराने के नाम पर हजारों रुपये वसूलते और फिर गुलशन को दुल्हन बनाकर शादी कराते। शादी के तुरंत बाद दुल्हन या तो अगवा हो जाती या घर से गहने और नकदी लेकर फरार हो जाती। इस गैंग की महिलाएं शादी के दौरान दुल्हन के परिजन बनती थीं ताकि भरोसेमंद माहौल बनाया जा सके।

इस बार गुलशन ने हरियाणा के रोहतक निवासी सोनू से 29 अप्रैल को अंबेडकरनगर में शादी की। शादी मंदिर में कराई गई और इसके लिए गैंग ने सोनू से 80,000 रुपये लिए। लेकिन मंदिर से निकलते ही कुछ बाइक सवार आए और दुल्हन को अगवा कर लिया। दूल्हे सोनू ने तुरंत यूपी पुलिस को 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दी।

पुलिस ने पूरे इलाके की नाकाबंदी कर जांच शुरू की और अंततः लुटेरी दुल्हन समेत उसके पूरे गैंग को गिरफ्तार कर लिया गया। गैंग के कुल 9 सदस्य पकड़े गए, जिनमें पांच महिलाएं शामिल हैं। पुलिस को इनके पास से 72,000 रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, 11 मोबाइल फोन और कई फर्जी आधार कार्ड मिले हैं। अंबेडकरनगर के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि यह गैंग अब तक कई राज्यों में लोगों को इसी तरह लूट चुका है। फिलहाल इनसे गहन पूछताछ जारी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!