अंबेडकरनगर में मोबाइल चोरी का चौंकाने वाला मामला, चोरों ने खुद खोल दी दुकान
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में मोबाइल चोरी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और आम लोगों को भी हैरान कर दिया। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के पदुमपुर बाजार की एक मोबाइल दुकान से 28 अगस्त को बड़ी संख्या में मोबाइल चोरी हो गए थे। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और इस दौरान एक सनसनीखेज खुलासा हुआ।
पुलिस ने जांच में पाया कि चोरी करने वाला युवक उसी दुकान में चार साल तक नौकरी कर चुका था। इस दौरान उसने दुकान और उसके सुरक्षा इंतजामों की पूरी जानकारी हासिल कर ली थी। फिर उसने योजना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चोरों के पास से 13 कीपैड मोबाइल, सात एंड्रॉयड मोबाइल, 48 मोबाइल कवर, आठ मोबाइल बैटरी और अन्य सामान बरामद किया।
चोरी के मोबाइल बेचने की योजना भी चोरों ने बेहद चालाकी से बनाई। किसी को शक न हो, इसके लिए उन्होंने ढोलब्जवा बाजार में खुद एक मोबाइल की दुकान खोल दी। चोरी के मोबाइल वहीं से बेचे जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागों के आधार पर चोरों को ट्रैक कर उन्हें गिरफ्तार किया।
एसपी अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ऋषभ गोस्वामी और रंजन शामिल हैं। ऋषभ पर अंबेडकरनगर और आजमगढ़ में कई पुराने मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि चोरी की मोबाइल बेचने के लिए चोरों ने खुद की दुकान खोली थी, जिससे उन्हें पकड़ना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।
पुलिस की सतर्कता और फुटेज के अध्ययन के कारण ही यह चोरी का पूरा जाल बेनकाब हो सका। अब आरोपी जेल भेज दिए गए हैं और चोरी की गई संपत्ति बरामद कर दुकानदार को लौटाई जा रही है। इस मामले ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा और सतर्कता को लेकर चेतावनी भी पैदा कर दी है।
Share this content:
