May 1, 2026

न्यूयॉर्क: ट्रंप की धमकी – जोहरान ममदानी बने मेयर तो नहीं मिलेगा फेडरल फंड, बताया ‘कम्युनिस्ट उम्मीदवार’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव को लेकर डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोहरान ममदानी पर बड़ा हमला बोला है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ममदानी चुनाव जीतते हैं तो वो न्यूयॉर्क को मिलने वाला फेडरल फंड रोक देंगे। उन्होंने ममदानी को “कम्युनिस्ट” करार देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शहर “आर्थिक और सामाजिक बर्बादी” की ओर बढ़ जाएगा। ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति के तौर पर वह किसी “असफल नीति” को बढ़ावा देने के लिए करदाताओं का पैसा बर्बाद नहीं करेंगे।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “अगर कम्युनिस्ट उम्मीदवार जोहरान ममदानी मेयर बने, तो मैं केवल वही न्यूनतम फंड दूंगा जो कानूनी रूप से देना जरूरी है। उनके विचार शहर को कभी भी सफलता की ओर नहीं ले जा सकते।” उन्होंने आगे लिखा, “कम्युनिस्ट नेतृत्व के तहत यह कभी महान रहा शहर बर्बादी में बदल जाएगा। मैं अच्छे पैसे को बुरे कामों के पीछे नहीं भेज सकता।” ट्रंप ने ममदानी के आर्थिक सिद्धांतों को असफल बताते हुए कहा कि उनके जैसे नेता शहर को आगे नहीं ले जा सकते।

डोनाल्ड ट्रंप ने इस दौरान न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू क्यूमो का समर्थन भी किया और कहा कि क्यूमो का प्रशासनिक अनुभव और रिकॉर्ड ममदानी से कहीं बेहतर है। ट्रंप ने लिखा, “चाहे आप एंड्रयू क्यूमो को पसंद करें या नहीं, लेकिन न्यूयॉर्क के पास असल में कोई विकल्प नहीं है। उन्हें वोट देना ही एकमात्र सही रास्ता है।” ट्रंप ने रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा पर भी तंज कसा और कहा कि स्लिवा को वोट देना, दरअसल ममदानी को ही जीताने के बराबर होगा। यह बयान स्थानीय चुनाव में ट्रंप की सबसे सीधी दखलअंदाजी मानी जा रही है, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

ट्रंप ने कहा कि ममदानी के विचार और सिद्धांत हजारों सालों से विफल साबित होते आए हैं। उन्होंने कहा कि वे किसी कम्युनिस्ट उम्मीदवार को सफल होते देखने के बजाय एक ऐसे डेमोक्रेट को जीतते देखना पसंद करेंगे, जिसका रिकॉर्ड मजबूत और अनुभव बेहतर हो। ट्रंप के इस बयान ने चुनावी माहौल को और अधिक ध्रुवीकृत कर दिया है, जहां एक ओर ममदानी की लोकप्रियता युवा और वामपंथी मतदाताओं में बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर ट्रंप समर्थक वोटरों में चेतावनी का असर देखा जा रहा है।

जोहरान ममदानी भारतीय मूल के 34 वर्षीय नेता हैं, जिनका जन्म युगांडा में हुआ था और पालन-पोषण न्यूयॉर्क में हुआ। वह वर्तमान में न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य हैं और “डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट” के रूप में मेयर पद की दौड़ में शामिल हैं। मंगलवार को होने वाले चुनाव में वह स्वतंत्र उम्मीदवार एंड्रयू क्यूमो और रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा के खिलाफ मैदान में हैं। इस बार न्यूयॉर्क में रिकॉर्ड तोड़ मतदान की उम्मीद की जा रही है। चुनाव बोर्ड के अनुसार, शुरुआती मतदान के दौरान अब तक 7.35 लाख से अधिक लोग वोट डाल चुके हैं, जो 2021 के चुनावों की तुलना में चार गुना ज्यादा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!