सीजफायर के बाद ट्रंप का बयान: “अब कश्मीर का समाधान भी संभव”, भारत-पाक की सराहना की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार सुबह एक और पोस्ट कर भारत और पाकिस्तान की सराहना की है। उन्होंने कहा कि उन्हें दोनों देशों के मजबूत और अडिग नेतृत्व पर गर्व है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने इस ऐतिहासिक फैसले तक पहुँचने में अहम भूमिका निभाई है।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी, जिसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया। इस जवाबी कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने ड्रोन के ज़रिए भारत के कई राज्यों में हमला करने की कोशिश की, जिसे भारतीय सुरक्षा तंत्र ने नाकाम कर दिया।
इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के चार एयरबेस को निशाना बनाकर करारा जवाब दिया। हालात लगातार तनावपूर्ण होते गए और इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ऐलान किया कि दोनों देश सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। यह सीजफायर शनिवार को लागू हुआ, हालांकि कुछ घंटों बाद पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर ड्रोन्स भेजे गए, जिससे सीजफायर का उल्लंघन हुआ, लेकिन जल्द ही स्थिति नियंत्रण में आ गई।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस समझौते में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व से पूरी रात बातचीत की और अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी संपर्क किया गया।
ट्रंप ने अपने हालिया पोस्ट में कहा, “मैं भारत और पाकिस्तान के साथ व्यापार बढ़ाने जा रहा हूं और दोनों के साथ मिलकर काम करूंगा ताकि देखा जा सके कि क्या वर्षों बाद कश्मीर मुद्दे का कोई समाधान निकाला जा सकता है।”
Share this content:
