May 3, 2026

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब बेटे ने पिता से पूछ लिया सवाल — शशि थरूर बोले, “इसे प्रश्न पूछने की इजाजत न दी जाए, यह मेरा बेटा है”

भारत की तरफ से आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेनकाब करने के लिए भेजे गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर उस वक्त थोड़े असहज और फिर मुस्कराते हुए दिखे, जब प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके अपने बेटे ईशान थरूर ने ही उनसे सीधा सवाल पूछ लिया।

कहां हुआ ये वाकया?
अमेरिका स्थित प्रतिष्ठित काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस में इस प्रतिनिधिमंडल की प्रेस बातचीत चल रही थी। तभी वॉशिंगटन पोस्ट में वैश्विक मामलों के स्तंभकार ईशान थरूर खड़े हुए और अपने पिता से प्रश्न पूछने की अनुमति मांगी। उसी क्षण शशि थरूर ने हंसते हुए मंच से कहा — “इसे प्रश्न पूछने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए, यह मेरा बेटा है!” इस हल्के-फुल्के मज़ाक ने माहौल को कुछ पलों के लिए हल्का कर दिया।

बेटे ने क्या पूछा?
ईशान थरूर ने अपनी पहचान बताई — “ईशान थरूर, वॉशिंगटन पोस्ट… और यह सवाल मैं व्यक्तिगत हैसियत से पूछ रहा हूं।”
इसके बाद उन्होंने सवाल किया —
“क्या किसी भी देश या सरकारी वार्ताकार ने आपसे पाकिस्तान की शुरुआती संलिप्तता को लेकर सबूत मांगे हैं? और बार-बार इनकार करने की पाकिस्तान की रणनीति पर आपकी क्या राय है?”

थरूर का जवाब — भारत बिना सबूत के नहीं चलता
इस सवाल पर शशि थरूर ने स्पष्ट कहा — “भारत ने बिना पुख्ता सबूत के कभी कोई कार्रवाई नहीं की। ऑपरेशन सिंदूर (जिसका ज़िक्र चल रहा था) उसी समय शुरू हुआ जब हमारे पास तथ्यात्मक प्रमाण थे।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का इनकार करना उसकी पुरानी रणनीति है, लेकिन भारत अब अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने तथ्यों के साथ खड़ा है।

मामला गंभीर, लेकिन पल था हल्का
यह घटना इस गंभीर विदेश नीति मंच पर एक मानवीय और हल्के क्षण के रूप में सामने आई। जहां एक पत्रकार बेटा अपने सांसद पिता से कठोर सवाल करता है, और पिता मुस्कुराते हुए सार्वजनिक मंच पर पारिवारिक रिश्ते को स्वीकारते हैं — यह भारतीय लोकतंत्र और पत्रकारिता की परिपक्वता का भी संकेत है।

शशि थरूर और ईशान थरूर की यह संवाद भले ही मज़ाक से शुरू हुआ हो, लेकिन आतंकवाद और कूटनीति जैसे गंभीर मसलों पर भारत की स्थिति को मजबूती से रखने वाला एक प्रतीक बन गया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!