T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया को सबसे बड़ा झटका, जॉश हेजलवुड टूर्नामेंट से बाहर, 15 साल में पहली बार बिना स्टार पेस तिकड़ी के उतरेगी टीम
आईसीसी मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के सीनियर और भरोसेमंद तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि कर दी है। हेजलवुड के बाहर होने से ऑस्ट्रेलिया की पहले से कमजोर पेस अटैक को और गहरा नुकसान पहुंचा है, क्योंकि मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस भी इस वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले रहे हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक, जॉश हेजलवुड पिछले करीब तीन महीनों से हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे हैं। इसी वजह से उन्हें शुरुआत में वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज मुकाबलों से बाहर रखा गया था। उस समय टीम मैनेजमेंट को उम्मीद थी कि वह सुपर-8 राउंड तक फिट होकर वापसी कर सकते हैं, लेकिन ताजा मेडिकल रिपोर्ट्स में साफ हो गया कि उनकी रिकवरी में अभी और समय लगेगा। ऐसे में उन्हें जल्दबाजी में मैदान पर उतारना जोखिम भरा हो सकता था, इसी कारण उन्हें पूरे टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया गया।
ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता टोनी डॉडमेड ने बयान में कहा कि हेजलवुड की फिटनेस को लेकर टीम पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि 35 साल के इस तेज गेंदबाज के रिहैबिलिटेशन प्रोसेस को तेज करना भविष्य के लिए नुकसानदेह हो सकता था। चयनकर्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल हेजलवुड के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर ही आगे कोई फैसला लिया जाएगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम अपना पहला मुकाबला 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ खेलेगी।
हेजलवुड के बाहर होने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम एक ऐतिहासिक स्थिति में पहुंच गई है। दरअसल, 15 साल में पहली बार ऐसा होगा जब ऑस्ट्रेलिया किसी आईसीसी टूर्नामेंट में अपनी तीनों दिग्गज तेज गेंदबाजों—मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जॉश हेजलवुड—के बिना उतरेगा। स्टार्क पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि पैट कमिंस पीठ की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।
इससे पहले साल 2011 आखिरी ऐसा मौका था, जब ये तीनों गेंदबाज किसी आईसीसी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन तब वजह यह थी कि तीनों का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू ही नहीं हुआ था। अब एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई टीम को अपने अनुभवी पेस अटैक के बिना T20 वर्ल्ड कप में उतरना होगा, जिससे उसके खिताबी अभियान पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
Share this content:
