April 30, 2026

गर्मी में सस्ते सनग्लासेस पहनना हो सकता है आंखों के लिए खतरनाक, जानिए क्यों जरूरी है सही चश्मा चुनना

गर्मी के मौसम में तेज धूप से बचाव के लिए लोग अक्सर सड़क किनारे या दुकानों पर मिलने वाले सस्ते सनग्लासेस खरीद लेते हैं। हालांकि यह दिखने में स्टाइलिश और किफायती लगते हैं, लेकिन इनमें जरूरी यूवी (अल्ट्रावायलेट) किरणों से बचाव का प्रोटेक्शन नहीं होता, जो आंखों की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है। ऐसे में सस्ते सनग्लासेस पहनने से आंखों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

यूवी किरणों से न हो बचाव तो खतरा बढ़ता है

सस्ते सनग्लासेस यूवीए, यूवीबी और यूवीसी किरणों को ब्लॉक नहीं करते। इन हानिकारक किरणों का सीधे संपर्क रेटिना को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे सोलर रेटिनोपैथी जैसी गंभीर समस्या हो सकती है। लंबे समय तक बिना प्रोटेक्शन के तेज धूप में रहने से मोतियाबिंद, मैक्यूलर डिजनरेशन और अन्य आंखों की बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है।

सस्ते चश्मों से हो सकती हैं ये समस्याएं

धुंधलापन और कालापन: सस्ते सनग्लासेस के लेंस में धुंधलापन आ सकता है, जिससे नजर कमजोर हो जाती है।

आंखों में जलन: बिना गुणवत्ता वाले चश्मे पहनने से आंखों में जलन और लालिमा हो सकती है।

फोटोकेराटाइटिस और पेटरिजियम: धूप में आंखों की सही देखभाल न करने से ये समस्याएं भी हो सकती हैं।

सही सनग्लासेस का चयन कैसे करें?

हेल्थ एक्सपर्ट्स की सलाह है कि बाजार में उपलब्ध सभी धूप के चश्मे यूवी प्रोटेक्शन नहीं देते। इसलिए चश्मा खरीदते समय यह जांच लें कि वह 100% यूवी रेज से प्रोटेक्ट करता हो। ब्रांडेड और प्रमाणित सनग्लासेस ही खरीदें, ताकि आपकी आंखें तेज धूप की हानिकारक किरणों से पूरी तरह सुरक्षित रहें।

गर्मी के मौसम में स्टाइल के साथ-साथ आंखों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। इसलिए सस्ते और अनसर्टिफाइड सनग्लासेस से बचें और केवल ऐसे सनग्लासेस पहनें जो आपकी आंखों को यूवी किरणों से बचाने में सक्षम हों। ऐसा करना आपकी आंखों की रोशनी को लंबे समय तक सुरक्षित रखने का सबसे बेहतर तरीका है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!