पंजाब पुलिस के हालिया गैंगस्टर विरोधी अभियान से राज्य में सक्रिय संगठित अपराध नेटवर्क को लेकर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। तीन दिन तक चले विशेष ‘ऑपरेशन प्रहार’ के दौरान यह खुलासा हुआ कि पंजाब से जुड़े कम से कम 61 हाई-प्रोफाइल गैंगस्टर विदेशों में छिपकर अपने आपराधिक सिंडिकेट का संचालन कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, ये गैंगस्टर विदेश में रहकर हथियारों की सप्लाई, नशे का कारोबार, रंगदारी और टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों को अपने स्थानीय नेटवर्क के जरिए अंजाम दिला रहे हैं। इस खुलासे के बाद ये सभी अपराधी पंजाब पुलिस के रडार पर आ गए हैं।
इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य संगठित अपराध से जुड़े पूरे इकोसिस्टम को तोड़ना था, जिसमें हथियारों की सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स, सुरक्षित ठिकाने और कम्युनिकेशन नेटवर्क शामिल हैं। राज्यभर में करीब 12 हजार पुलिसकर्मियों ने एक साथ 2,000 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की। इस व्यापक कार्रवाई के दौरान विदेशी गैंगस्टरों से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा होने के आरोप में 3,256 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 4,281 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में 80 घोषित अपराधी भी शामिल हैं।
एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स द्वारा तैयार मोस्ट वांटेड सूची के अनुसार, सबसे ज्यादा 17 गैंगस्टर अमेरिका में छिपे हुए हैं। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात में 9, कनाडा में 6 और जर्मनी व यूनाइटेड किंगडम में 5-5 गैंगस्टर सक्रिय बताए गए हैं। यूरोप के अन्य देशों में 5, ऑस्ट्रेलिया और पुर्तगाल में 3-3 अपराधी छिपे हैं। वहीं एशिया में थाईलैंड और मलेशिया में 2-2 गैंगस्टर सक्रिय हैं, जबकि पाकिस्तान, इंडोनेशिया, इटली और ब्राजील में एक-एक गैंगस्टर के छिपे होने की जानकारी सामने आई है।
क्षेत्रीय आंकड़ों पर नजर डालें तो इन 61 गैंगस्टरों में से सबसे अधिक 36 माझा क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि बाकी पंजाब के अन्य हिस्सों से ताल्लुक रखते हैं। इनमें से 4 मोस्ट वांटेड गैंगस्टर अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं, जिनमें राजस्थान का नाम शामिल है। कुख्यात अपराधी हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा, जो नांदेड़ का रहने वाला है, के पाकिस्तान के लाहौर के पास छिपे होने का दावा भी खुफिया रिपोर्ट में किया गया है।
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध सामान भी बरामद किया। इनमें 69 हथियार, 6.5 किलो हेरोइन, 10.5 किलो अफीम, 72 किलो पोपी हस्क, 5,092 नशीली गोलियां और करीब 2.69 लाख रुपये की ड्रग्स शामिल हैं। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि इन 61 गैंगस्टरों में से 23 के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जा चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से उन्हें भारत लाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है।
Share this content:
