May 6, 2026

लखनऊ: SIR, कफ सिरप और वंदे मातरम पर बोले अखिलेश यादव, सीएम योगी के जापान दौरे पर कसा तंज

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी सरकार और चुनाव आयोग पर तीखे हमले किए। उन्होंने मतदाता सूची समीक्षा (SIR) को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पहले से ही धांधली की तैयारी कर रही है। अखिलेश के मुताबिक, मतदाता सूची में भारी गड़बड़ियां हैं और चुनाव अधिकारी पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब जनता का वोट ही गायब कर दिया जाएगा, तब लोकतंत्र का क्या बचेगा?

अखिलेश यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी ने हाल ही में एक समीक्षा बैठक की, जिसमें वोटर लिस्ट की पारदर्शिता को लेकर कई शिकायतें सामने आईं। उनका कहना है कि कई जगहों की मतदाता सूचियां अधूरी और अस्पष्ट हैं। अयोध्या के एक अधिकारी ने 2003 की मतदाता सूची मांगी थी, लेकिन वह सूची न तो पढ़ने लायक है और न ही पूरी। उन्होंने चुनाव आयोग से स्पष्ट और पढ़ने योग्य सूचियां अपलोड करने की मांग की ताकि बीएलओ और बीएलए सही तरीके से नामों का सत्यापन कर सकें।

उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या सहित कई जिलों में अधिकारी बीजेपी कार्यकर्ता की तरह व्यवहार कर रहे हैं। “बीएलओ और बीएलए अगर साथ रहेंगे तो सच्चाई सामने आएगी, लेकिन प्रशासन खुद पक्षपाती है,” अखिलेश ने कहा। उन्होंने प्रतापगढ़ में हाल ही में हुई ड्रग्स और पैसे की जब्ती को लेकर भी बीजेपी को घेरा।

अखिलेश ने दावा किया कि प्रतापगढ़ में जिस व्यक्ति के घर से भारी मात्रा में ड्रग्स और नकदी जब्त की गई, उसका संबंध सीधे तौर पर बीजेपी से है। उन्होंने जौनपुर और बनारस में चल रहे कफ सिरप के अवैध कारोबार का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस गोरखधंधे में शामिल लोग भी सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़े हुए हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि “मुख्यमंत्री को जापान में अच्छा लगेगा, वे जरूर क्योटो जाएं और देखें कि वहां के शहर कितने व्यवस्थित हैं। उन्हें समझ में आएगा कि हमारे यहां 10 सालों में शहरों को किस तरह बर्बाद कर दिया गया है।”

उन्होंने आगे कहा कि “जापान से लौटकर सीएम को भारत वाले क्योटो का भी दौरा करना चाहिए। वहां जाकर उन्हें पता चलेगा कि विकास के नाम पर कितना नुकसान हुआ है।” तंज जारी रखते हुए अखिलेश बोले, “जापान में सांड तो नहीं घूम रहे होंगे, वहां के मेडिटेशन सेंटर जरूर देख लें।”

वंदे मातरम विवाद पर भी अखिलेश ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोगों को राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के फर्क तक की जानकारी नहीं है। वे भावनाओं पर राजनीति कर रहे हैं और जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश में हैं। फरीदाबाद में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल पर भी अखिलेश ने कहा कि यह इंटेलिजेंस की नाकामी है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने विस्फोटक और हथियार देश में आ कैसे रहे हैं — क्या यह किसी चुनावी तैयारी का हिस्सा है?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!