किसान की बेबसी देख भावुक हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, फोन पर की बात और दिया नुकसान की भरपाई का भरोसा
महाराष्ट्र में मानसून से पहले हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसान बेहद परेशान हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक किसान बारिश के बीच अपनी फसल को बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। इस मार्मिक वीडियो को देखकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भावुक हो उठे और उन्होंने तुरंत किसान से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान शिवराज ने न सिर्फ किसान को ढांढस बंधाया, बल्कि आश्वासन भी दिया कि उसे हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी।
शिवराज सिंह ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी संपर्क किया और राज्य सरकार से किसानों की सहायता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। शिवराज ने स्पष्ट कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उनकी हर संभव मदद की जाएगी। वीडियो में दिख रहा किसान मूसलाधार बारिश में अपनी फसल को हाथों से बचाने की कोशिश करता दिख रहा है, जो किसानों की वर्तमान स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है। यह वीडियो न केवल एक किसान की पीड़ा को उजागर करता है, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश से हो रहे फसल नुकसान की तस्वीर भी पेश करता है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार किसानों की तकलीफ को समझती है और उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि वे बारिश से प्रभावित किसानों की सूची तैयार कर नुकसान का मूल्यांकन करें ताकि उन्हें तत्काल सहायता दी जा सके। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों के नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करेंगे, ताकि उन्हें जल्द राहत मिल सके।
Share this content:
