April 19, 2026

शेयर बाजार में लगातार तेजी, सेंसेक्स 320 अंक चढ़ा, निफ्टी में भी मजबूती

विदेशी निवेशकों की लिवाली और कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों के चलते भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को आई तेज उछाल के बाद मंगलवार को भी बाजार में मजबूती देखने को मिली। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 319.89 अंक की बढ़त के साथ 79,728.39 अंक पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 76.1 अंक चढ़कर 24,201.65 पर कारोबार करता दिखा। इससे पहले सोमवार को बाजार में 1000 अंकों से अधिक की जबरदस्त तेजी दर्ज की गई थी।

पिछले पांच कारोबारी सत्रों में शेयर बाजार में भारी बढ़त के चलते निवेशकों की संपत्ति में 32 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। सोमवार को सेंसेक्स 855.30 अंक या 1.09 प्रतिशत चढ़कर 79,408.50 पर बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स कुल 5,561.35 अंक यानी 7.53 प्रतिशत ऊपर चढ़ चुका है। वहीं, बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण बढ़कर 4,25,85,629.02 करोड़ रुपये यानी करीब 5,000 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है।

विश्लेषकों का मानना है कि इस तेजी के पीछे घरेलू संकेतों और मजबूत तिमाही नतीजों का बड़ा योगदान है। लेमन मार्केट्स डेस्क के एनालिस्ट सतीश चंद्र अलूरी ने बताया कि सप्ताहांत में बैंकों की शानदार आय रिपोर्ट से बाजार की धारणा मजबूत हुई है। इसके साथ ही घरेलू आर्थिक संकेतक भी बाजार के लिए सहायक साबित हुए हैं। कई प्रमुख बैंकों ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है और सकारात्मक दृष्टिकोण पेश किया है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को ₹4,667.94 करोड़ के शेयर खरीदे थे, जो बाजार में जारी रैली को समर्थन देने वाला एक और महत्वपूर्ण कारण है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!